होशियारपुर,(राकेश राणा): भारत की एकता व अखंडता के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को शनिवार जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता व आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन व एसएसपी संदीप कुमार मलिक के नेतृत्व में आयोजित समागम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने देशी रियासतों का एकीकरण कर स्वतंत्र भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि देश की मजबूती आपसी सद्भाव, सहयोग और एकजुटता में निहित है। कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।