‘शुभ दीपावली मिलन’ समारोह में 125 से अधिक सदस्यों ने की शिरकत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): लघु उद्योग भारती फगवाड़ा की ओर से शाखा अध्यक्ष इंद्रपाल खुराना के नेतृत्व में इम्पीरियल पूनम होटल में ‘शुभ दीपावली मिलन’ समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में 125 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया, जबकि 50 से अधिक महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। समारोह दौरान संगठन के आगामी कार्यकाल 2027-2028 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें पुनीत गुप्ता को अध्यक्ष तथा अनुज जैन को सचिव नियुक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। निवर्तमान शाखा अध्यक्ष इंद्रपाल खुराना ने सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों को दीपावली तथा आगामी त्योहारों की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन औद्योगिक समुदाय को एक मंच पर लाने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त अध्यक्ष पुनीत गुप्ता और सचिव अनुज जैन के नेतृत्व में नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने समारोह में शामिल हुए सभी सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया। नवनियुक्त अध्यक्ष पुनीत गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वह सभी सदस्यों के सहयोग एवं समर्थन से औद्योगिक समुदाय की तरक्की और बेहतरी के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ उद्योगपतियों के हितों की रक्षा करना तथा उन्हें पेश आने वाली समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं मेजबानी प्रसिद्ध एंकर शिवानी अरोड़ा ने प्रभावशाली अंदाज में की। समारोह का शुभारंभ श्री गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद पारंपरिक रूप से ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

इस दौरान मनोरंजक खेलों, संगीत प्रस्तुतियों और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों ने उपस्थित सदस्यों का खूब मनोरंजन किया। समारोह ने जहां सदस्यों को दीपावली की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा करने का अवसर प्रदान किया, वहीं औद्योगिक समुदाय में संगठनात्मक एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे को और मजबूत करने का संदेश भी दिया।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।