बलगन चौक के पास दिनदहाड़े चलीं गोलियां, दुकान पर काम कर रहा युवक मोहम्मद रफीक गोली लगने से गंभीर घायल
बदमाश सफेद टैक्सी मौके पर छोडक़र फरार, पुलिस ने एक कथित आरोपी को पकड़ा, दूसरे की तलाश जारी
दसूहा,(राकेश राणा): शहर में आज सुबह उस समय दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब बलगन चौक के पास पुलिस और कथित बदमाशों के बीच अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हडक़ंप मच गया। सडक़ पर आवाजाही कर रहे लोग गोलियों की आवाज सुनकर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दुकान पर काम कर रहा एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल युवक की पहचान मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जिस समय पुलिस और बदमाशों के बीच गोलियां चल रही थीं, उस समय सडक़ पर काफी चहल-पहल थी। इसी दौरान चली एक गोली मोहम्मद रफीक की बांह में जा लगी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भय का माहौल पैदा हो गया।

मुखबिर की सूचना पर आरोपियों का पीछा कर रही थी पुलिस...
इस संबंध में थाना दसूहा के प्रभारी गुरुसाहिब सिंह ने बताया कि गत दिवस थाना गढ़दीवाला क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटना सामने आई थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए बलगन चौक के पास पहुंची। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को अपने पीछे आता देख आरोपियों ने खुद को घिरा हुआ महसूस करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बीच आरोपी अपनी सफेद रंग की टैक्सी नंबर पीबी-01-जी-7122 को कुछ दूरी पर छोडक़र फरार हो गए।
एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, दूसरे की तलाश जारी...
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक कथित आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मौके पर छोड़ी गई टैक्सी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- अचानक गूंजने लगीं गोलियां...
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। अचानक सडक़ पर धड़ाधड़ गोलियां चलने लगीं और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि दोनों तरफ से करीब 10 से 12 राउंड फायर किए गए। इसी दौरान दुकान पर काम कर रहे मोहम्मद रफीक को गोली लग गई।
लगातार हो रही वारदातों से लोगों में चिंता...
शहर में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही लूटपाट और गोलीबारी की घटनाओं के बीच इस तरह की वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।