अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार को हुई फायरिंग की जांच में एक बड़ा मोड़ आया है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चार लोगों को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि टाइगर से पहले उनकी योजना अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोली चलाने की थी, लेकिन वहां की भारी सुरक्षा देखकर वे इस इरादे को अंजाम नहीं दे पाए।
जांच से यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने सिर्फ सलमान ही नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों के आसपास भी रेकी की थी। आरोप है कि इन जगहों के वीडियो बनाकर विदेश में बैठे हैंडलर तक भेजे गए। इन जानकारियों के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा और सख्त कर दी है। बांद्रा थाने की पेट्रोलिंग वैन तैनात है और इमारत के भीतर-बाहर तथा सड़क के दोनों ओर पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
फैंस की पोस्ट से मिली टाइगर की जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार गैंग को सोशल मीडिया पर टाइगर के प्रशंसकों की पोस्ट से पता चला कि अभिनेता हर रविवार जुहू के पुष्पा नरसी मैदान में फुटबॉल खेलने जाते हैं और उस समय उनके साथ पुलिस सुरक्षा नहीं होती। जब शूटरों ने बिश्नोई के करीबी बताए जा रहे अमित पंडित को बताया कि सलमान तक पहुंचना कठिन है, तब टाइगर को निशाना बनाने की योजना बनी। आरोप है कि हमले का आदेश अमित पंडित ने ही दिया था।
इसके बाद दो शूटर पिस्तौल लेकर जुहू के मैदान पहुंचे और कुछ देर तक अभिनेता की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही टाइगर की कार मैदान के गेट से बाहर निकली, उन पर गोलियां चलाई गईं। पुलिस के मुताबिक अभिनेता बाल-बाल बच गए। वारदात में कुल तीन लोग शामिल बताए गए हैं, जिनमें दो ने फायरिंग की और तीसरा भागने के लिए बाइक लेकर इंतजार कर रहा था।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपियों द्वारा सलमान के घर की रेकी की बात सामने आई है, पर इसके पीछे का असली मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन खंगालेगी, क्योंकि आशंका है कि तस्वीरें खींचकर हैंडलरों को भेजी गई थीं।
इस मामले में मुंबई पुलिस ने सोमवार को राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को पकड़ा था। इनमें 18 वर्षीय फूल सिंह और रेहान अंसारी तथा 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन रामू महतो शामिल हैं। तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर सड़क मार्ग से मंगलवार देर रात मुंबई लाया गया, जहां मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाना है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।