भाजपा पंजाब के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासलू ने सौंपी जिम्मेदारी
संदीप पाठक, राकेश राठौर, गेजाराम वाल्मीकि, दयाल सौढ़ी और रीना जेतली को भी कमेटी में मिली जगह
मुकेरियां,(राकेश राणा): भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए मुकेरियां के विधायक जंगी लाल महाजन को पंजाब भाजपा की न्यू जॉइनिंग कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भाजपा पंजाब के अध्यक्ष स.केवल सिंह ढिल्लों और संगठन मंत्री श्री मंथरी श्रीनिवासलू द्वारा की गई है। इस नियुक्ति के साथ ही पार्टी ने कमेटी के अन्य सदस्यों के नामों की भी घोषणा की है।
पांच अन्य नेताओं को भी कमेटी में मिली जिम्मेदारी...
भाजपा द्वारा गठित न्यू जॉइनिंग कमेटी में राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक के अलावा राकेश राठौर, गेजाराम वाल्मीकि, दयाल सौढ़ी तथा रीना जेतली को सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी द्वारा इन नेताओं को कमेटी में शामिल करने का उद्देश्य संगठन से जुड़ी नई जिम्मेदारियों को सामूहिक रूप से निभाना है।

पार्टी नेतृत्व का जताया आभार...
न्यू जॉइनिंग कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर विधायक जंगी लाल महाजन ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वह भाजपा हाईकमान का दिल से धन्यवाद करते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उन्हें सौंपी गई इस जिम्मेदारी को पूरी तन्मयता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। पार्टी नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का संकल्प...
विधायक जंगी लाल महाजन ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही भाजपा की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से कमेटी को सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन किया जाएगा।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।