सुजानपुर, पठानकोट व भोआ में चुनावी सरगर्मियां तेज
भाजपा, कांग्रेस तथा अकाली दल में टिकट हासिल करने के लिए नेताओं ने शुरू की जोड़-तोड़
चंडीगढ़(राकेश राणा): पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश के अन्य जिलों की तरह जिला पठानकोट में भी चुनावी माहौल बनने लगा है। जिले के तीन विधानसभा हलकों सुजानपुर, पठानकोट तथा भोआ में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। टिकट हासिल करने के लिए नेताओं की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। कई हलकों में स्थिति ऐसी बनती दिखाई दे रही है कि राजनीतिक पार्टियों के सामने एक अनार और सौ बीमार वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने कुछ हलकों में अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, लेकिन भाजपा, कांग्रेस व शिरोमणि अकाली दल में अभी भी टिकट को लेकर कई चेहरे मैदान में हैं। ऐसे में पार्टी हाईकमान के लिए योग्य और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवार का चयन करना आसान नहीं होगा।

सुजानपुर हलके में भाजपा व कांग्रेस के कई दावेदार मैदान में...
विधानसभा हलका सुजानपुर की बात करें तो आम आदमी पार्टी ने स्वर्ण सलारिया को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी में पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा युवा नेता वरुण ठाकुर तथा एडवोकेट रविंद्र ठाकुर भी टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। कांग्रेस की बात करें तो मौजूदा विधायक नरेश पुरी एक बार फिर टिकट के मजबूत दावेदार हैं। उनके अलावा पूर्व विधानसभा चुनाव लड़ चुके विनय महाजन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व चेयरमैन दविंदर दर्शी, युवा नेता रणधीर सिंह बिट्टा काटल, बख्शीश मोना और पम्मी पठानिया भी टिकट हासिल करने के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हुए हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल (बादल) की ओर से जिला प्रधान अवतार कलेर का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में चर्चा में है। बताया जा रहा है कि यदि अकाली दल तथा भाजपा के बीच चुनावी गठबंधन नहीं होता तो अवतार कलेर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।
पठानकोट विधानसभा हलके में भी टिकट को लेकर मुकाबला दिलचस्प...
पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में भी राजनीतिक समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने रोहित सियाल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं भाजपा की ओर से मौजूदा विधायक अश्वनी शर्मा टिकट के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा अनिल वासुदेवा एवं राकेश शर्मा भी टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। कांग्रेस में पूर्व विधायक अमित विज को टिकट का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उनके अलावा पूर्व मंत्री रमन भल्ला और नए चेहरे के रूप में श्रीजल गुप्ता भी पार्टी टिकट हासिल करने के लिए प्रयासरत बताए जा रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल की ओर से सुरेंद्र सिंह मंटू कंवर का नाम संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। इस तरह पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न पार्टियों के कई नेता टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

भोआ में भाजपा और कांग्रेस के सामने उम्मीदवार चयन की चुनौती...
विधानसभा हलका भोआ में भी टिकट के दावेदारों की कमी नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवानिवृत्त एसपी दर्शन कुमार, पूर्व विधायक सीमा कुमारी और मोहन लाल सहित कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस की बात करें तो पूर्व विधायक जोगिंदर पाल एक बार फिर टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान संजीव बैंस और सतीश पम्मा सहित अन्य नेता भी टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक की टिकट फिलहाल लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि उनके अलावा अमरजीत सिंह ठेकेदार भी पार्टी टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

हाईकमान के फैसले पर टिकी सभी दावेदारों की नजरें...
जिला पठानकोट के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जिस तरह टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ रही है, उससे आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। विभिन्न पार्टियों के नेता अपने राजनीतिक संपर्कों, जनसभाओं और पार्टी कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी सक्रियता दिखाने में जुटे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजनीतिक पार्टियों के हाईकमान किस नेता पर भरोसा जताते हैं और किसे चुनाव मैदान में उतारते हैं। टिकट की इस दौड़ में कई नेताओं को सफलता मिल सकती है, जबकि कई दावेदारों को निराशा का सामना भी करना पड़ सकता है।
फिलहाल पठानकोट जिले के तीनों विधानसभा हलकों में चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है और सभी की निगाहें राजनीतिक पार्टियों की अगली रणनीति तथा उम्मीदवारों की अंतिम सूची पर टिकी हुई हैं।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।