Rajdaar Times
सोमवार, 16 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

पंजाब भाजपा ने चुनावी तैयारियां की तेज, केवल ढिल्लों ने मेनिफेस्टो कमेटी का किया गठन

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को सौंपी कमेटी की कमान, मनप्रीत बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया समेत 12 नेताओं को बनाया सदस्य2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने शुरू की रणनीतिक…

पंजाब भाजपा ने चुनावी तैयारियां की तेज, केवल ढिल्लों ने मेनिफेस्टो कमेटी का किया गठन
पंजाब भाजपा ने चुनावी तैयारियां की तेज, केवल ढिल्लों ने मेनिफेस्टो कमेटी का किया गठन

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को सौंपी कमेटी की कमान, मनप्रीत बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया समेत 12 नेताओं को बनाया सदस्य
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने शुरू की रणनीतिक तैयारी
चंडीगढ़,(राजदार टाइम्स): पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी (चुनावी घोषणा पत्र समिति) का गठन करते हुए इसके चेयरमैन और सदस्यों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए अनुभवी नेताओं को शामिल किया है, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयार किए जाने वाले चुनावी घोषणा पत्र को व्यापक और जनहितकारी स्वरूप दिया जा सके। भाजपा की ओर से गठित प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी की कमान पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है। उनके साथ 12 अन्य वरिष्ठ नेताओं को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इनमें पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एडवोकेट एच.एस फूलका शामिल हैं।
अनुभवी नेताओं को दी गई अहम जिम्मेदारी...
प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी में पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान रखने वाले वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। कमेटी का उद्देश्य पंजाब के मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हालात को ध्यान में रखते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की नीतियों और प्राथमिकताओं को चुनावी घोषणा पत्र में स्थान देना होगा। कमेटी के सदस्य विभिन्न वर्गों, क्षेत्रों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकते हैं। इनमें किसानों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, अनुसूचित जातियों और समाज के अन्य वर्गों से जुड़े विषय प्रमुख रह सकते हैं।

2027 के चुनावों को लेकर भाजपा ने बढ़ाई सक्रियता...
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। मेनिफेस्टो कमेटी का गठन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। चुनावी घोषणा पत्र किसी भी राजनीतिक पार्टी की नीतियों, योजनाओं और जनता के प्रति उसके दृष्टिकोण को सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम होता है। ऐसे में भाजपा द्वारा वरिष्ठ नेताओं की टीम गठित करना इस बात का संकेत है कि पार्टी चुनाव से पहले अपने मुद्दों, प्राथमिकताओं और राजनीतिक एजेंडे को व्यवस्थित रूप देने की तैयारी में जुट गई है।
चार्जशीट कमेटी का भी किया गठन...
मेनिफेस्टो कमेटी के साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रदेश चार्जशीट कमेटी का भी गठन किया है। इस कमेटी की जिम्मेदारी पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को सौंपी गई है। इस कमेटी में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एस.एस चन्नी तथा जगमीत सिंह बराड़ को सदस्य बनाया गया है।

आने वाले दिनों में और कमेटियों की घोषणा संभव...
भाजपा की ओर से संकेत दिया गया है कि आगामी दिनों में कुछ अन्य महत्वपूर्ण कमेटियों का भी गठन किया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय करने में जुटी हुई है।
राजनीतिक दृष्टि से मेनिफेस्टो और चार्जशीट कमेटियों का गठन पंजाब में भाजपा की चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। अब इन कमेटियों की गतिविधियों और इनके माध्यम से तैयार होने वाली चुनावी रणनीति पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

यह खबर शेयर करें

यह खबर हमारी संपादकीय नीति के अनुसार प्रकाशित है। गलती दिखे तो सुधार सुझाएँ · स्वामित्व और वित्तपोषण

संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · संपादकीय डेस्क

राजदार टाइम्स की संपादकीय डेस्क। यह डेस्क देश, राजनीति, राज्यों, खेल, मनोरंजन, बिज़नेस, शिक्षा और अन्य विषयों की खबरें तैयार और संपादित करती है। प्रकाशन से पहले हर खबर तथ्य, स्रोत और भाषा के…

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।