उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के गठन का औपचारिक ऐलान किया। इस गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है और प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है।
मोर्चे का दावा और चंद्रशेखर का बयान
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का नया 'पहला मोर्चा' है, जो 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए एक बड़े विपक्षी गठबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना था कि कुछ नेताओं के अहंकार के कारण विपक्षी एकजुटता संभव नहीं हो सकी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी इस मोर्चे में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार पर मस्जिदों को नुकसान पहुंचाने, बहुजन महापुरुषों के कार्यक्रमों की अनुमति नहीं देने और मूर्तियां तोड़े जाने जैसे आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज, वंचितों और शोषित वर्गों को आज भी बुनियादी सुविधाओं और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
ओवैसी का बयान और अगली रणनीति
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत राजनीतिक विकल्प बनेगा। उन्होंने बेरोजगारी और वंचित तबकों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया। ओवैसी के मुताबिक, गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और 26 नवंबर को आगे की रणनीति को लेकर बैठक होगी।
यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का नया 'पहला मोर्चा' है, जो 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।
दलित-मुस्लिम समीकरण और सियासी मायने
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस नए गठबंधन ने प्रदेश में दलित-मुस्लिम समीकरण पर नई बहस छेड़ दी है। 2011 की जनगणना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति की आबादी करीब 20.7 फीसदी और मुस्लिम आबादी करीब 19.3 फीसदी थी। दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी लगभग 40 फीसदी बैठती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद हुए कई सर्वे में मुस्लिम मतदाताओं के बड़े हिस्से के INDIA गठबंधन के पक्ष में जाने का अनुमान सामने आया था। ऐसे में ओवैसी की मौजूदगी सपा के मुस्लिम समर्थन आधार के संदर्भ में राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।
इस मोर्चे को समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के सियासी समीकरण को चुनौती देने को लेकर भी देखा जा रहा है। एक तरफ ओवैसी मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद दलित और बहुजन राजनीति के युवा चेहरे के तौर पर अपनी भूमिका मजबूत करना चाहते हैं।
विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया
नए मोर्चे को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि ओवैसी साहब अब किसी अब्दुल या हिजाब वाली महिला को मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बनाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गठबंधन की डोर दिल्ली के हाथों में है और हैदराबाद से लखनऊ वालों की मदद के लिए अब्दुल आए हैं।
कांग्रेस नेता आसिम वकार ने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस गठबंधन की लगाम पर्दे के पीछे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मुकदमों और जेल के डर से, तो कुछ अपने आर्थिक हितों के लिए बीजेपी के पक्ष में काम करते हैं।
भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने गठबंधन पर पलटवार करते हुए कहा कि दलितों पर अत्याचार के लिए कौन जिम्मेदार है, यह सब जानते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ओवैसी दलितों के साथ खड़े रहे हैं, चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए जाने पर भी उन्होंने तंज कसा और कहा कि इस गठबंधन में न तो दलित और न ही मुस्लिम मतदाता जाने वाले हैं।
स्रोत: livetimes.news



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।