विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में खींचतान के संकेत, जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और मंडल अध्यक्ष के शामिल न होने पर चली चर्चा
अकाली दल के स्थानीय नेताओं ने रैली को सफल बनाने में निभाई अहम भूमिका, पंजाब में गठबंधन पर फैसला नहीं लेकिन दसूहा में दिखी नजदीकी
दसूहा,(राकेश राणा): शहर में भाजपा नेता सुशील कुमार पिंकी द्वारा करवाई गई रैली के बाद भारतीय जनता पार्टी की स्थानीय इकाई में चल रही अंदरूनी खींचतान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। रैली में भाजपा के जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा मंडल अध्यक्ष सहित कई प्रमुख नेताओं की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस घटनाक्रम को पार्टी की अंदरूनी राजनीति से जोडक़र देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि विधानसभा चुनाव से पहले ही भाजपा के भीतर गुटबाजी एवं आपसी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए किसी उम्मीदवार की टिकट घोषित नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर नेताओं की अलग-अलग सक्रियता और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में विधानसभा चुनावों की टिकट के दावेदारों का एकजुट हो अनुपस्थिति को राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। चर्चा तो यह भी है कि उक्त रैली को एक भाजपा नेता ने संगठन की अन्देखा कर अपने स्तर पर ही रखवाया था।
विपक्षी दल ने ली चुटकी...
उधर विपक्षी दल भी भाजपा की इस स्थिति को लेकर चुटकी ले रहे हैं और इसे पार्टी के भीतर एकजुटता की कमी बता रहे हैं।
प्रमुख कार्यकर्ताओं की कम मौजूदगी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय...
रैली में पहाड़ी क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे, लेकिन क्षेत्र के कई प्रमुख कार्यकर्ताओं की अपेक्षाकृत कम मौजूदगी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि किसी बड़े नेता की रैली पार्टी की संगठनात्मक ताकत और कार्यकर्ताओं की एकजुटता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर होती है। ऐसे में स्थानीय स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी को नजरअंदाज करना आसान नहीं है।

अकाली दल के नेताओं की सक्रियता ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा...
इस रैली का एक अन्य दिलचस्प पहलू शिरोमणि अकाली दल के स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। पंजाब में भाजपा व अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर अभी तक कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है, लेकिन दसूहा में अकाली दल के सर्कल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने भाजपा की रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई। अकाली दल के स्थानीय नेताओं की इस सक्रियता को लेकर क्षेत्र में नई राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि प्रदेश स्तर पर भले ही दोनों दलों के बीच गठबंधन की स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन दसूहा में दोनों दलों के नेताओं की आपसी नजदीकी एवं तालमेल देखने को मिला। इससे स्थानीय राजनीति में भविष्य के संभावित समीकरणों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
कांग्रेस में भी कई गुट सक्रिय, चुनाव से पहले बढ़ेगी राजनीतिक हलचल...
दूसरी ओर, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों में भी स्थिति पूरी तरह सामान्य दिखाई नहीं दे रही। कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में भी अलग-अलग गुट सक्रिय बताए जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में सभी राजनीतिक दलों के लिए संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखना बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। कांग्रेस की हालात तो भाजपा से भी पतले बताऐ जा रहे हैं।
भाजपा हाईकमान के फैसले पर टिकी निगाहें...
लोगों में चर्चा है कि यदि भाजपा के भीतर इसी तरह आपसी खींचतान और गुटबाजी जारी रही तो आगामी विधानसभा चुनाव में दसूहा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के लिए जीत हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। चुनाव में टिकट के दावेदारों के बीच प्रतिस्पर्धा बढऩे के साथ-साथ संगठन के भीतर तालमेल बनाए रखना भी जरूरी होगा।
बड़ा सवाल...
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा हाईकमान दसूहा में सामने आ रहे इन राजनीतिक संकेतों और अंदरूनी मतभेदों को किस तरह लेता है। क्या पार्टी नेतृत्व स्थानीय नेताओं के बीच चल रही दूरी को कम करने के लिए कोई कदम उठाएगा या फिर यह खींचतान आने वाले विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगी? फिलहाल रैली के बाद दसूहा की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।