कहा, समाज को नशामुक्त बनाने में निभाते हैं खेल महत्वपूर्ण भूमिका
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशें विरुद्ध’ मुहिम के तहत खेल विभाग द्वारा स्कूल ऑफ एमिनेंस पीआईएस फुटबॉल अकादमी में फुटबॉल मैच करवाया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। फुटबॉल मैच स्कूल ऑफ एमिनेंस (बॉयज) और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच के दौरान युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नशें से दूर रहने का संदेश देने का अवसर भी मिला।

जिला खेल अधिकारी कुलविंदर सिंह ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी ऊर्जा और प्रतिभा के सदुपयोग के लिए स्वस्थ अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जिले भर में, विशेषकर नशा प्रभावित और हॉटस्पॉट क्षेत्रों में, युवाओं की खेलों में अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए नियमित रूप से खेल मुकाबले और गतिविधियां करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशें विरुद्ध’ मुहिम के तहत खेल विभाग ऐसी गतिविधियां लगातार आयोजित करता रहेगा और युवाओं में खेलों के महत्व तथा नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।