रेड क्रॉस सोसायटी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से जेम्स कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में होगी विशेष नाट्य प्रस्तुति
4 से 8 वर्ष तक के बच्चे अभिभावकों सहित ले सकेंगे भाग
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रधान जिला रेड क्रॉस सोसायटी आंशिका जैन के नेतृत्व में जिला रेड क्रॉस सोसायटी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से दीपावली के अवसर पर बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बाल रामलीला - स्टोरी की बोरी’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 6 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे जेम्स कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, होशियारपुर में आयोजित होगा। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं रामायण की प्रेरणादायक कथा से मनोरंजक तरीके से परिचित करवाना है। दिल्ली की प्रसिद्ध थिएटर एवं कहानी-कथन संस्था ‘स्टोरी की बोरी’ की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली यह नाट्य प्रस्तुति हिंदी भाषा में संगीतमय नौटंकी शैली में होगी। इसमें संगीत, हास्य, सरल संवाद और दर्शकों की भागीदारी के माध्यम से रामायण के विभिन्न प्रसंगों एवं जीवन-मूल्यों को बच्चों की समझ और रुचि के अनुसार प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों से परिचित करवाना भी जरूरी है। इस तरह के आयोजन बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ अच्छे संस्कार, आदर्शों और पारिवारिक मूल्यों की सीख देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि कार्यक्रम में 4 से 8 वर्ष तक की आयु के बच्चे अपने अभिभावकों के साथ शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क है, लेकिन पूर्व पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इच्छुक अभिभावक 5 नवंबर 2026 को रात 9 बजे तक मोबाइल नंबर 9478060971 पर संपर्क करके अपने साथ आने वाले सभी व्यक्तियों के नाम दर्ज करवा सकते हैं। निर्धारित समय के बाद पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिले के परिवारों से अपील की कि वे अपने बच्चों सहित इस सांस्कृतिक आयोजन में भाग लें। सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि वे दोपहर 3:30 बजे तक अपनी सीटों पर बैठ जाएं। रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद व संयुक्त सचिव आदित्य राणा ने बताया कि ‘स्टोरी की बोरी’ संस्था पिछले 15 वर्षों से बच्चों और परिवारों के लिए थिएटर वर्कशॉप, कहानी-कथन और मंचीय प्रस्तुतियां आयोजित कर रही है। इसकी विशेष प्रस्तुति ‘बाल रामलीला’ के अब तक देशभर में 300 से अधिक शो हो चुके हैं।
बच्चों को भारतीय संस्कृति और रामायण के जीवन मूल्यों से जोडऩे के लिए 6 नवंबर को होगा ‘बाल रामलीला’ का आयोजन : DC जैन
रेड क्रॉस सोसायटी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से जेम्स कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में होगी विशेष नाट्य प्रस्तुति4 से 8 वर्ष तक के बच्चे अभिभावकों सहित ले सकेंगे भागहोशियारपुर,(राजदार टाइम्स)…



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।