खोया, बर्फी और कलाकंद सहित विभिन्न मिठाइयों की जांच, बिना एक्सपायरी डेट वाले फूड कलर मौके पर ही नष्ट करवाए
तलवाड़ा,(एस.पी शर्मा शास्त्री): त्योहारों के सीजन के दौरान लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़ और डिप्टी कमिश्नर श्रीमती आशिका जैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ.मनदीप कमल के निर्देशों तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जतिंदर भाटिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। फूड सेफ्टी ऑफिसर मुनीश सोढ़ी द्वारा टीम सहित विभिन्न स्थानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। चेकिंग अभियान के दौरान कमाही देवी, अड्डा झीर दा खुह, हाजीपुर और मुकेरियां में मिठाइयों की दुकानों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की गई।

इस दौरान खोया, बर्फी, कलाकंद सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल छह सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा संबंधी मानकों की जांच की जा सके, चेकिंग के दौरान बिना एक्सपायरी डेट दर्ज किए फूड कलर भी पाए गए, जिन्हें टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे खाद्य पदार्थों की तैयारी और बिक्री के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा फूड सेफ्टी संबंधी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें। फूड सेफ्टी टीम द्वारा दुकानदारों को यह भी हिदायत दी गई कि मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों को हमेशा ढककर रखा जाए तथा फूड कलर का इस्तेमाल केवल निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए।

इसके अलावा खाद्य पदार्थों की पैकिंग, लेबलिंग और एक्सपायरी डेट संबंधी नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।