विशेषज्ञ ने छात्राओं को आधुनिक तकनीकों एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों संबंधी दी विस्तृत जानकारी
दसूहा,(राजदार टाइम्स):
श्री गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के अधीन संचालित संस्था दसमेश गर्ल्स कॉलेज, चक्क अल्ला बख़्श मुकेरियां में कंप्यूटर साइंस विभाग के आई.टी क्लब द्वारा आई.सी.टी अकादमी के सहयोग से ‘सूचना प्रौद्योगिकी' के क्षेत्र में करियर की संभावनाएँ’ विषय पर पावर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध रोज़गार के अवसरों तथा उभरती हुई आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर कोडर रूट्स, मोहाली से पहुँचे विशेषज्ञ वक्ता राजदीप भनोट ने छात्राओं के साथ अपने विचार सांझा करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी के तेज़ी से विकसित हो रहे क्षेत्र तथा इसमें करियर की व्यापक संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वेब डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, नेटवर्किंग तथा डिज़िटल मार्केटिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोज़गार के अवसरों से छात्राओं को अवगत करवाया। इसके साथ ही उन्होंने सफल करियर के निर्माण के लिए प्रोग्रामिंग कौशल, व्यावहारिक ज्ञान, व्यावसायिक प्रमाण-पत्रों, इंटर्नशिप तथा निरंतर सीखने की प्रक्रिया के महत्त्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने छात्राओं को तकनीकी क्षेत्र में हो रहे नवीन परिवर्तनों के साथ स्वयं को अपडेट रखने तथा अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया। इस संगोष्ठी के माध्यम से छात्राओं को सूचना प्रौद्योगिकी के विभिन्न रोज़गार क्षेत्रों, आधुनिक तकनीकों तथा औद्योगिक जगत की अपेक्षाओं संबंधी महत्त्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। सत्र के दौरान छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के विशेषज्ञ वक्ता ने संतोषजनक उत्तर दिए, जिससे उन्हें भविष्य में अपने करियर की सही दिशा निर्धारित करने में सहायता मिली। श्री गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सरदार रविंदर सिंह चक्क एवं समस्त ट्रस्ट सदस्यों ने इस ज्ञानवर्धक पहल की सराहना की। उन्होंने कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्या डॉ.मीतू महाजन, कार्यक्रम की आयोजक एवं कंप्यूटर साइंस विभाग की प्रमुख मैडम पूजा तथा आई.सी.टी के नोडल अधिकारी मैडम सुमन को बधाई दी। साथ ही भविष्य में भी छात्राओं के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए ऐसे ज्ञानवर्धक और विद्यार्थी-हितैषी कार्यक्रम आयोजित करते रहने हेतु प्रेरित किया।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।