नशामुक्त एवं टीबी मुक्त युवा के संकल्प के साथ स्वयंसेविकाओं ने दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): दसमेश गर्ल्स कॉलेज चक् अल्ला बख़्श की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस) समिति द्वारा जत्थेदार भाई कुलदीप सिंह चक् मेमोरियल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल चक् अल्ला बख़्श के संयुक्त तत्वावधान से 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक ‘नशा मुक्त एवं टी.बी मुक्त युवा’ विषय पर सात दिवसीय आयोजित शिविर में एन.एस.एस की छात्राओं ने रक्तदान किया।शिविर का उद्देश्य स्वयं सेविकाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामुदायिक सेवा की भावना विकसित करना था। शिविर के प्रथम दिन स्वयं सेविकाओं को एन.एस.एस के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। दूसरे दिन गोद लिए गए गांव मोहिउद्दीनपुर का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया गया। तीसरे दिन नशा मुक्ति विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता एवं योग शिविर आयोजित किया गया। चौथे दिन सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाकर एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश दिया गया। पांचवें दिन नशा मुक्त एवं टीबी मुक्त युवा विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ वक्ता डॉ. प्रमोद ऋषि एवं डॉ.श्वेता ने नशे के दुष्प्रभावों, टी.बी की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ.मीतू एवं सहायक प्रो.श्रीमती नीना ऋषि एवं छात्राएं भी उपस्थित रहीं। छठे दिन नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से स्वयं सेविकाओं ने नारों एवं संदेशों द्वारा आमजन को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया। शिविर के अंतिम दिन रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रक्तदान के महत्व एवं मानव जीवन बचाने में इसकी भूमिका के प्रति जागरूकता पैदा की गई। समापन समारोह में स्वयं सेविकाओं के योगदान एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई। समस्त शिविर का आयोजन प्राचार्या डॉ.मीतू के मार्गदर्शन में किया गया। एन.एस.एस कार्यक्रम अधिकारियों श्रीमती नीरज शर्मा एवं श्रीमती शिखा शर्मा ने शिविर की सभी गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह शिविर स्वयं सेविकाओं के लिए सामाजिक सेवा, सामूहिक कार्य एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सार्थक माध्यम सिद्ध हुआ। शिविर का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं तथा नशामुक्त एवं टी.बी मुक्त भारत का निर्माण हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। श्री गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सरदार रविंदर सिंह चक् एवं समस्त समिति सदस्य तथा डायरेक्टर डॉ.श्रीमती गुरमीत कौर गिल्ल ने कार्यक्रम संयोजकों की सराहना की और भविष्य में ऐसे कार्यक्रम करवाते रहने का आशीर्वाद दिया।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।