छात्रों ने गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होकर प्राप्त की गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा
दातारपुर,(एसपी शर्मा शास्त्री): वशिष्ठ भारती इंटरनेशनल स्कूल, दातारपुर के पहली से पाँचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में की धार्मिक यात्रा तथा विद्यालय में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया प्रकाश पर्व।
श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (24 नवंबर 2026) के शुभ अवसर पर वशिष्ठ भारती इंटरनेशनल स्कूल, दातारपुर में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरुपर्व मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गुरु साहिब को याद करते हुए अरदास की तथा सुंदर भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों द्वारा पूरी श्रद्धा और लगन से प्रस्तुत किए गए भजनों ने सभी के मन को आध्यात्मिक शांति और गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ दिया।

इस पावन अवसर पर पहली से पाँचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को नजदीकी गुरुद्वारा साहिब में भी ले जाया गया। इस धार्मिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सिख धर्म के महान इतिहास, श्री गुरु नानक देव जी के जीवन तथा उनकी अनमोल शिक्षाओं से परिचित करवाना था।
इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के पाठक सिंह ने बड़े ही प्रेम और सरल शब्दों में बच्चों को श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके उपदेशों तथा मानवता की भलाई के लिए दिए गए संदेशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुरु साहिब की तीन प्रमुख शिक्षाओं—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—का महत्व समझाया।
उन्होंने विशेष रूप से नाम जपने के महत्व के बारे में बताते हुए समझाया कि परमात्मा को याद करने के लिए किसी एक शब्द या नाम की कोई पाबंदी नहीं है। कोई 'वाहेगुरु' कहकर, कोई 'राम-राम' कहकर और कोई अपने विश्वास के अनुसार किसी अन्य नाम के माध्यम से परमात्मा का सिमरन कर सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सच्चे मन से प्रभु को याद किया जाए, अच्छे कर्म किए जाएं तथा प्रत्येक मनुष्य के साथ प्रेम, सम्मान और विनम्रता से व्यवहार किया जाए।
इस दौरान बच्चों ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरु साहिब की शिक्षाओं को सुना तथा उन्हें अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा प्राप्त की। विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा और गुरुद्वारा साहिब की धार्मिक यात्रा ने इस पावन दिवस की महत्ता को और भी बढ़ा दिया।
यह संपूर्ण प्रयास बच्चों के लिए एक आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुआ। विद्यालय का यह प्रयास बच्चों में धार्मिक सद्भावना, सर्वधर्म सम्मान, नैतिक मूल्यों तथा मानवता की सेवा की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम रहा।
संदेश: श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें प्रेम, एकता, सेवा, समानता और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। आइए, हम सभी उनके दिखाए मार्ग पर चलकर एक प्रेमपूर्ण और बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प लें।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।