Rajdaar Times
सोमवार, 2 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीडि़त पाए गए 24 मरीजों के करवाए सफल ऑपरेशन

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को ऑपरेशन से लेकर फॉलोअप तक उपलब्ध करवाई गईं सुविधाएंहोशियारपुर,(राजदार टाइम्स): स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके घरों के…

शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीडि़त पाए गए 24 मरीजों के करवाए सफल ऑपरेशन
शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीडि़त पाए गए 24 मरीजों के करवाए सफल ऑपरेशन

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को ऑपरेशन से लेकर फॉलोअप तक उपलब्ध करवाई गईं सुविधाएं
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके घरों के नजदीक उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के तहत सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ.मनदीप कमल के नेतृत्व में 17 अक्टूबर को बिनवाल में आंखों की जांच के लिए विशेष शिविर लगाया गया था। इस शिविर दौरान जांच के उपरांत 24 मरीज मोतियाबिंद से पीडि़त पाए गए, जिनके सफल ऑपरेशन सिविल अस्पताल होशियारपुर में करवाए गए। मरीजों की संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑपरेशनों का प्रबंध तीन अलग-अलग दिनों में किया गया। ये ऑपरेशन 24 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा केवल मरीजों के ऑपरेशन करवाने तक ही सीमित न रहते हुए उनकी आवाजाही, अस्पताल में उपचार तथा ऑपरेशन के बाद देखभाल के भी विशेष प्रबंध किए गए। प्रत्येक मरीज का ऑपरेशन के अगले दिन फॉलोअप करके आंखों की स्थिति और स्वास्थ्य लाभ का जायजा भी लिया गया। इस पूरी मुहिम के प्रबंधन और विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल स्थापित करने में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.सीमा गर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा मरीजों के ऑपरेशन, परिवहन, संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तथा सहयोगी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने सहित सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए विशेष प्रयास किए गए। इस पूरे कार्य में नेत्र रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ.परमिंदर कौर द्वारा मरीजों के ऑपरेशन किए गए। उनके साथ स्टाफ नर्स रमनीक, वार्ड सर्वेंट सुखदेव तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट दीपक और तरसेम ने अपनी सेवाएं निभाईं। इस पूरी मुहिम को सुचारू रूप से संपन्न करवाने में एस.एम.ओ बिनवाल डॉ.निर्मल ने भी विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने सभी 24 मरीजों के आने-जाने, ऑपरेशन के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचाने तथा ऑपरेशन के बाद फॉलोअप के लिए दोबारा अस्पताल लाने का समन्वय किया। इस मरीज हितैषी प्रयास को सफल बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं और समाजसेवियों द्वारा भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया। सोनालीका द्वारा दो दिनों के लिए मरीजों की आवाजाही हेतु वाहनों की व्यवस्था की गई। रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद द्वारा मरीजों के फॉलोअप के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई गई।

इसी प्रकार एक अन्य सहयोगी द्वारा ऑपरेशन वाले एक दिन के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई तथा खुरालगढ़ साहिब की ओर से फॉलोअप के लिए एंबुलेंस की सुविधा प्रदान की गई। इन सभी संस्थाओं और सहयोगियों के साझा प्रयासों से मरीजों को बिना किसी परेशानी के उपचार एवं फॉलोअप की सुविधा मिल सकी। सिविल सर्जन डॉ.मनदीप कमल ने कहा कि आंखों की रोशनी मानव जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है और मोतियाबिंद ऐसी समस्या है, जिसका समय पर पता लगने और उचित उपचार से प्रभावी ढंग से इलाज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग जानकारी की कमी, आर्थिक कठिनाइयों या अस्पताल तक पहुंचने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण अपनी आंखों का समय पर उपचार नहीं करवा पाते। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि ऐसे मरीजों की पहचान करके उन्हें जांच से लेकर उपचार और उसके बाद देखभाल तक हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि बिनवाल में लगाए गए शिविर के बाद चिन्हित किए गए सभी 24 मरीजों के ऑपरेशन करवाना और उनका अगले दिन फॉलोअप सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की टीम के समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने ऑपरेशन करने वाली मेडिकल टीम, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.सीमा गर्ग, एस.एम.ओ बिनवाल तथा समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए टीम द्वारा किया गया कार्य प्रशंसनीय है। सिविल सर्जन ने विशेष रूप से सोनालीका, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद, खुरालगढ़ साहिब तथा अन्य सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे जांच शिविर आयोजित करके जरूरतमंद मरीजों की पहचान और उनके उपचार को सुनिश्चित किया जाएगा।

यह खबर शेयर करें
संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · Admin

राजदार टाइम्स की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।