Rajdaar Times
मंगलवार, 17 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

धर्म, समाज और राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित कर गए महामंडलेश्वर महंत राम प्रकाश दास

श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन में वर्षों तक रहे सक्रियपूर्व मंत्री एवं विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में निभाई अहम भूमिका16वीं पुण्यतिथि पर 17 नवंबर दिन मंगलवार को बाबा लाल दयाल…

धर्म, समाज और राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित कर गए महामंडलेश्वर महंत राम प्रकाश दास
धर्म, समाज और राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित कर गए महामंडलेश्वर महंत राम प्रकाश दास

श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन में वर्षों तक रहे सक्रिय
पूर्व मंत्री एवं विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में निभाई अहम भूमिका
16वीं पुण्यतिथि पर 17 नवंबर दिन मंगलवार को बाबा लाल दयाल आश्रम दातारपुर में हजारों श्रद्धालु करेंगे श्रद्धासुमन अर्पित
दातारपुर,(एसपी शर्मा): धर्म, अध्यात्म, समाज सेवा और राजनीति के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर महंत राम प्रकाश दास जी ने अपने जीवन में त्याग, तपस्या, सेवा और समर्पण के ऐसे उच्च आदर्श स्थापित किए, जिन्हें क्षेत्र के लोग आज भी श्रद्धा के साथ याद करते हैं। पूर्व मंत्री एवं विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे महंत जी श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन के साथ भी वर्षों तक सक्रिय रूप से जुड़े रहे। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के साथ-साथ उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृत भाषा और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण योगदान दिए। उनका जन्म 20 मार्च, 1934 को गांव भुंबोताड़ में कौल परिवार में पिता लाल दास और माता जानकी देवी के घर हुआ। बचपन से ही उनकी रुचि धर्म और अध्यात्म में थी। उनकी इस धार्मिक प्रवृत्ति को देखते हुए माता-पिता ने बाबा लाल दयाल दरबार, दातारपुर में की गई मन्नत के अनुसार अपने इस सपूत को दरबार के महंत 108 श्री भरत दास जी को समर्पित कर दिया। इसके बाद उन्हें दरबार द्वारा संचालित पाठशाला में शिक्षा ग्रहण करने के लिए दाखिल करवाया गया। शिक्षाविद सतपाल शास्त्री व समाजसेवी सचिन कश्यप ने उनके जीवन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुछ समय बाद महंत भरत दास जी ने राम प्रकाश दास की योग्यता, प्रतिभा और धार्मिक समर्पण को देखते हुए उन्हें अपना शिष्य एवं उत्तराधिकारी नियुक्त कर दिया। गुरु के बैकुंठ गमन के बाद 26 मार्च, 1950 को राम प्रकाश दास जी को दातारपुर तथा रामपुर गद्दी का महंत नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना शुरू कर दिया।
विधायक से स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री तक का सफर...
महंत राम प्रकाश दास जी ने धार्मिक क्षेत्र के साथ-साथ राजनीति में भी अपनी अलग पहचान स्थापित की। 19 फरवरी, 1967 को उन्होंने दसूहा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। तत्कालीन मुख्यमंत्री लक्ष्मण सिंह के कार्यकाल में उन्हें स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंत्री रहते हुए उन्होंने जनहित से जुड़े अनेक कार्यों और योजनाओं को आगे बढ़ाया। उनका मानना था कि राजनीति का उद्देश्य समाज की सेवा और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए।
विश्व हिंदू परिषद में राष्ट्रीय स्तर पर निभाई जिम्मेदारी...
धर्म तथा अध्यात्म के क्षेत्र में उनकी विलक्षण प्रतिभा एवं सेवाभाव को देखते हुए कुंभ हरिद्वार में वैरागी अखाड़े की ओर से उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि से विभूषित किया गया। इसके बाद उन्हें विश्व हिंदू परिषद का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा उत्तर भारत का अध्यक्ष बनाया गया। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए उन्होंने देश-विदेश में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महंत राम प्रकाश दास जी श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन के साथ वर्षों तक सक्रिय रूप से जुड़े रहे और इस विषय को लेकर धार्मिक मंचों पर अपनी भूमिका निभाते रहे। उन्होंने अपने जीवनकाल में 52 देशों की यात्रा की तथा लाखों लोगों को दीक्षा प्रदान की। हरिद्वार में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से दो भव्य आश्रमों का निर्माण करवाकर उन्होंने दातारपुर की धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाई।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान...
महंत जी का मानना था कि समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ही संभव है। इसी सोच के तहत उन्होंने पांच एकड़ भूमि देकर आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण करवाया। इसके अतिरिक्त दातारपुर में जल आपूर्ति योजना को आगे बढ़ाने, संस्कृत कॉलेज, कन्या कॉलेज तथा चार हाई स्कूलों की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी उदारता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह प्रतिवर्ष जरूरतमंद विद्यार्थियों को लगभग दो लाख रुपये की पुस्तकें और स्कूल वर्दियां वितरित करवाते थे, ताकि आर्थिक अभाव किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। उन्होंने दातारपुर में दो बैंक भवनों, दूरभाष केंद्र और डाकघर जैसी सुविधाओं के निर्माण में भी योगदान दिया, जिससे क्षेत्रवासियों को अनेक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हुईं। इसके अलावा उन्होंने सैकड़ों मंदिरों का शिलान्यास करवाया और विभिन्न स्थानों पर मूर्ति प्रतिष्ठापना के धार्मिक आयोजनों में योगदान दिया।
11 भाषाओं के ज्ञाता थे महंत राम प्रकाश दास...
महंत राम प्रकाश दास जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। वह 11 भाषाओं के ज्ञाता थे और संस्कृत, उर्दू, फारसी तथा अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं पर उनकी अच्छी पकड़ थी। राष्ट्रभाषा हिंदी और संस्कृत के प्रचार-प्रसार एवं उत्थान के लिए उन्होंने जीवनभर प्रयास किए। धार्मिक ज्ञान के साथ-साथ शिक्षा और साहित्य के प्रति उनका विशेष लगाव था। उनका सेवाभाव केवल धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं तक सीमित नहीं था। सुनामी पीडि़तों, भूकंप प्रभावित लोगों तथा अन्य जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी उन्होंने भरपूर योगदान दिया। जरूरतमंदों की मदद करना और समाज के कमजोर वर्गों के लिए काम करना उनके जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा।
दुर्घटना में घायल होने के बाद हुआ बैकुंठ गमन...
4 नवंबर, 2010 को एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई थी। हालांकि, उनके द्वारा करवाए गए जनकल्याणकारी कार्य और समाज सेवा की भावना आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
17 नवंबर दिन मंगलवार को मनाई जाएगी 16वीं पुण्यतिथि...
ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर महंत राम प्रकाश दास जी की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 17 नवंबर दिन मंगलवार को बाबा लाल दयाल आश्रम, दातारपुर में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। महामंडलेश्वर महंत रमेश दास जी की अध्यक्षता में होने वाले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु एकत्रित होकर महंत जी को श्रद्धापूर्वक नमन करेंगे और उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
इस अवसर पर श्रद्धालु उनके धार्मिक योगदान, समाज सेवा, शिक्षा के प्रसार और मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों को याद करेंगे। महंत राम प्रकाश दास जी का जीवन इस बात का उदाहरण है कि धर्म और अध्यात्म का वास्तविक उद्देश्य मानव सेवा, समाज का उत्थान और जरूरतमंदों की सहायता करना है। उनके द्वारा स्थापित सेवा और समर्पण की परंपरा आने वाली पीढिय़ों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

यह खबर शेयर करें

यह खबर हमारी संपादकीय नीति के अनुसार प्रकाशित है। गलती दिखे तो सुधार सुझाएँ · स्वामित्व और वित्तपोषण

संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · संपादकीय डेस्क

राजदार टाइम्स की संपादकीय डेस्क। यह डेस्क देश, राजनीति, राज्यों, खेल, मनोरंजन, बिज़नेस, शिक्षा और अन्य विषयों की खबरें तैयार और संपादित करती है। प्रकाशन से पहले हर खबर तथ्य, स्रोत और भाषा के…

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।