पुलिस में की जा सकती है कानून के तहत कार्रवाई : एडवोकेट शुभ सरोच
तलवाड़ा,(एस.पी शर्मा शास्त्री): विगत रात तलवाड़ा के नजदीक एक बेसहारा गौवंश ( बैल) गंभीर रूप से घायल होने का समाचार है। घटना का विवरण देते हुए गौसेवक विजय राणा घगवाल जोकि पूर्व सैनिक हैं और हाजीपुर में बेसहारा बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गौवंश के लिए उपचार शैलटर केंद्र का संचालन करते हैं ने बताया कि नजदीक के गांव रजवाल में एक बेसहारा गौवंश ने खेतों में रखे हुए आटे का बड़ा गोला खाने के लिए जैसे ही गोले को मुंह में डाला तो उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। जिससे बैल के जबड़े के चीथड़े उड़ गए। और आधा जबड़ा नीचे लटक गया।
बैल घायल हालत में खड़ा था सड़क किनारे…
उन्होंने बताया कि अमरोह के गौसेवक कर्ण सिंह ने उन्हें फ़ोन पर यह जानकारी दी और उनके साथियों ने वहां जाकर बैल को रेस्क्यू किया और उसका उपचार शुरू किया। विजय राणा घगवाल ने बताया कि बैल बहुत ही बुरी तरह से घायल होने के कारण तमाम कोशिशों के बावजूद बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। बाद में गौसेवकों ने उसे नमः आंखों से गड्ढा खोदा और दफ़ना दिया। उन्होंने कहा ऐसी ही घटना कुछ दिन पहले जुगियाल गांव में भी हुई थी उन्होंने उस समय इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।पर आरोपी का पता नहीं चल पाया। विजय राणा ने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि एक तरफ तो हम अभी 17नवंबर को गोपाष्टमी का पर्व मना कर हटे हैं,जगह जगह गौपूजन किया गया।हम गाय को माता कहते हैं और दूध पीने के बाद बेसहारा छोड़ देते हैं तथा ऐसे जघन्य कृत्य करते हैं।यह शोभा नहीं देता। विजय राणा घगवाल ने बताया कि कंडी क्षेत्र में लोग अपनी फसलों को जंगली जानवरों सूअर , सांभर आदि से बचाने के लिए आटे के गोले बनाते हैं और उनमें पोटाश डाल देते हैं और जब कोई निरीह जानवर आटा खाने के लिए मुंह लगाता है तो यह फट जाता है। और ऐसी दुर्घटना हो जाती है।

निकटवर्ती पुलिस स्टेशन में करवाएंगे मामला दर्ज…
वहीं बार एसोसिएशन दसूहा के पूर्व प्रधान एडवोकेट शुभ सरोच से बात की तो उन्होंने कहा कि भारत में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 जानवरों को अनावश्यक पीड़ा या कष्ट से बचाने और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया प्रमुख कानून है। शुभ सरोच ने कहा कि इस के मुख्य प्रावधान जैसे धारा 4 (भारतीय पशु कल्याण बोर्ड) इस अधिनियम के तहत 1962 में भारतीय पशु कल्याण बोर्ड की स्थापना की गई, जो पशु कल्याण को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि धारा 11 (क्रूरता के प्रकार) मारना-पीटना, क्षमता से अधिक बोझ लादना, पर्याप्त भोजन-पानी या आश्रय न देना, लावारिस छोड़ना, ब हुत छोटे पिंजरे या जंजीर में बांधना, गलत तरीके से परिवहन करना या जानवरों की लड़ाई करवाना क्रूरता की श्रेणी में आता है। एडवोकेट शुभ सरोच ने बताया कि वर्तमान दंड (धारा 11) अधिनियम के मूल प्रावधानों के तहत पहली बार अपराध पर मामूली जुर्माना (₹10 से ₹50 तक) और 3 साल के भीतर दोबारा अपराध करने पर ₹25 से ₹100 तक जुर्माना या 3 महीने तक की सजा (या दोनों) का प्रावधान है। दंड बढ़ाने के लिए संशोधन प्रस्ताव विचाराधीन रहे हैं। उन्होंने बताया कि पशुओं को मारने या घायल करने के गंभीर मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 (पूर्व में IPC की धारा 428/429) के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। एडवोकेट शुभ सरोच ने कहा कि पशु क्रूरता की घटना होने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन या पशु कल्याण संस्था के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।