होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पोलियो जैसी लाइलाज बीमारी को दोबारा फैलने से रोकने और देश को मिले पोलियो मुक्त दर्जे को बरकरार रखने के उद्देश्य से पंजाब के 13 जिलों में सब नेशनल पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। जिला होशियारपुर में यह अभियान सिविल सर्जन डॉ.मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.सीमा गर्ग की देखरेख में शुरू किया गया। सिविल अस्पताल होशियारपुर में लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल के सहयोग से लगाए गए पोलियो बूथ पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.सीमा गर्ग और लायंस क्लब के सदस्यों द्वारा सिविल अस्पताल में जन्मे नवजात शिशुओं को पोलियो रोधी बूंदें पिलाकर इस अभियान की शुरुआत की गई। एएनएम हरिंदर कौर, लायंस क्लब होशियारपुर पर्ल के प्रधान लायन विजय अरोड़ा, लायन संजीव अरोड़ा, लायन उमेश राणा, लायन सुखवंत सिंह और लायन अश्वनी दत्ता भी उपस्थित थे। डॉ.सीमा गर्ग ने कहा कि हालांकि भारत पोलियो मुक्त देश बन चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। इसलिए दूसरे देशों से पोलियो वायरस के दोबारा प्रवेश करने के खतरे को ध्यान में रखते हुए बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाना बहुत जरूरी है, भले ही बच्चे को पहले नियमित टीकाकरण के दौरान पोलियो की खुराकें दी जा चुकी हों। अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 1,40,768 बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 799 स्थायी पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 1,598 टीमें और 175 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो पूरी गतिविधि की निगरानी करेंगे। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाई जाएंगी, जबकि 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को बूंदें पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों पर नहीं पहुंच सके। इस दौरान प्रवासी मजदूरों की बस्तियों, झुग्गी-झोपड़ियों, ईंटों के भट्ठों, शैलरों, फैक्ट्रियों और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। डॉ.सीमा गर्ग ने माता-पिता से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी बूंदें अवश्य पिलवाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी बूंदें पीने से वंचित न रह जाए। आइए, हम सभी मिलकर पोलियो मुक्त भारत के सपने को बरकरार रखने में अपना योगदान दें।
माता-पिता अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी बूंदें अवश्य पिलवाएं, ताकि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखा जा सके: डॉ.सीमा गर्ग
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पोलियो जैसी लाइलाज बीमारी को दोबारा फैलने से रोकने और देश को मिले पोलियो मुक्त दर्जे को बरकरार रखने के उद्देश्य से पंजाब के 13 जिलों में सब नेशनल पल्स पोलियो अभियान चलाया…
यह खबर हमारी संपादकीय नीति के अनुसार प्रकाशित है। गलती दिखे तो सुधार सुझाएँ · स्वामित्व और वित्तपोषण



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।