सांसद चब्बेवाल ने पंचट मंडी में धान खरीद कार्यों की समीक्षा की
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने मंगलवार को गांव पंचट की अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद कार्यों की समीक्षा की और किसानों व अधिकारियों से फीडबैक लिया। डॉ.चब्बेवाल ने किसानों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बातचीत कर खरीद प्रक्रिया, खरीदे गए धान की लिफ्टिंग और किसानों को किए जा रहे भुगतान का जायजा लिया।खरीद के ताजा आंकड़े साझा करते हुए डॉ.चब्बेवाल ने बताया कि कपूरथला जिले की मंडियों में अब तक कुल 8,33,796.42 मीट्रिक टन धान की आमद हुई है, जिसमें से सरकारी एजेंसियों द्वारा 8,31,493.28 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि खरीदे गए धान के बदले किसानों को 2,004.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के हितों और कल्याण की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की ओर से राज्यभर की मंडियों में खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ.चब्बेवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।