Rajdaar Times
मंगलवार, 3 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

केंद्रीय विद्यालय तिब्बड़ी छावनी के विद्यार्थियों ने किया एसपीएन कॉलेज का शैक्षणिक दौरा

प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिक प्रयोगों से हुए रूबरू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उद्यमशीलता की बारीकियां सीखींमुकेरियां,(राजदार टाइम्स): विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने…

केंद्रीय विद्यालय तिब्बड़ी छावनी के विद्यार्थियों ने किया एसपीएन कॉलेज का शैक्षणिक दौरा
केंद्रीय विद्यालय तिब्बड़ी छावनी के विद्यार्थियों ने किया एसपीएन कॉलेज का शैक्षणिक दौरा

प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिक प्रयोगों से हुए रूबरू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उद्यमशीलता की बारीकियां सीखीं
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने तथा उनमें नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से स्वामी प्रेमानंद महाविद्यालय (एस.पी.एन कॉलेज) मुकेरियां की संस्थागत नवाचार परिषद (आई.आई.सी) की ओर से पी.एम श्री केंद्रीय विद्यालय, तिब्बड़ी छावनी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक शैक्षणिक दौरे का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सहयोग तथा डी.आई.सी.ई योजना के अंतर्गत आयोजित इस दौरे का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक समन्वय को बढ़ावा देना था। कॉलेज के सेमिनार हॉल में पहुंचने पर अतिथि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ.समीर शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान आर्थिक एवं शैक्षणिक परिवेश में उद्यमशीलता कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नए विचार विकसित करने, उन्हें व्यावहारिक रूप देने और स्वरोजगार के अवसर तलाशने की क्षमता पैदा करना समय की आवश्यकता है। इसके बाद डॉ.दीपिका शर्मा ने ‘विचार सृजन’ विषय पर विशेष व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच और नए विचारों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रो.दलविंदर कुमार ने व्यावसायिक विचारों के सृजन और समस्याओं के समाधान के लिए अपनाई जाने वाली विभिन्न विधियों की जानकारी उदाहरणों सहित दी। दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज की भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला में विभिन्न प्रयोगों और वैज्ञानिक प्रदर्शनों में भाग लिया। विभागाध्यक्ष डॉ.अरुण कुमार ने उन्हें वैज्ञानिक सिद्धांतों की व्यावहारिक जानकारी दी। रसायन विज्ञान प्रयोगशाला में विभागाध्यक्ष डॉ.जसमिंदर सिंह ने रासायनिक अभिक्रियाओं पर आधारित रोचक वैज्ञानिक प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाई। जीव विज्ञान प्रयोगशाला में विभागाध्यक्ष डॉ.गुरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। वाणिज्य विभाग की प्रो.मनदीप कौर ने व्यापार एवं व्यवसाय से जुड़े नवीनतम मॉडलों और प्रदर्शनों के माध्यम से उनकी व्यावहारिक उपयोगिता समझाई। कंप्यूटर विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.पंकज सरीन ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई) के विभिन्न उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसी क्रम में गृह विज्ञान प्रयोगशाला की विभागाध्यक्ष प्रो.हरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को भोजन संबंधी शिष्टाचार से परिचित करवाया तथा फैशन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में स्थापित सौर ऊर्जा पैनलों का अवलोकन करने के साथ-साथ पुस्तकालय का भी दौरा किया। कॉलेज प्रबंधकीय समिति ने संस्थागत नवाचार परिषद की पूरी टीम के इस प्रयास की सराहना की। समिति ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक दौरे विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। इनसे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समग्र रूप से समझने की क्षमता विकसित होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान का दायरा बढ़ाने तथा उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह खबर शेयर करें
संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · Admin

राजदार टाइम्स की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।