लगभग 80 प्रतिशतअभिभावकों ने लिया भाग, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं सर्वांगीण विकास पर हुआ विचार-विमर्श
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): एस.पी.एन कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एस.पी.एन कॉलेज मुकेरियां के परिसर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, अनुशासन एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावक-शिक्षक बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक में ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा की चारों स्ट्रीमों—ह्यूमैनिटीज, नॉन-मेडिकल, मेडिकल एवं कॉमर्स—के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग 80 प्रतिशत अभिभावकों की उपस्थिति दर्ज की गई। बैठक दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, कक्षा में सहभागिता, अनुशासन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में प्रदर्शन के संबंध में अभिभावकों को विस्तृत जानकारी दी।इसके साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने, पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने और भविष्य के लक्ष्यों को निर्धारित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर स्कूल के निर्देशक डॉ.समीर शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं आपसी सहयोग अत्यंत आवश्यक है। अभिभावक-शिक्षक बैठक के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं, उनकी उपलब्धियों और सुधार के क्षेत्रों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने बैठक में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। कॉलेजिएट स्कूल की इंचार्ज प्रो.मनदीप कौर ने अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता के लिए उनका आभारव्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों का आपसी सहयोग विद्यार्थियों की शैक्षणिक सफलता एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान दें। उन्होंने इस सफल बैठक के आयोजन में सहयोग के लिए कॉलेजिएट स्कूल प्रबंधकीय समिति एवं निर्देशक डॉ.समीर शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यार्थियों के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।