Rajdaar Times
मंगलवार, 17 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

2026 में बची हैं सिर्फ 3 एकादशी, जानें तारीखें

साल 2026 में अब सिर्फ 3 एकादशी बची हैं: 20 नवंबर को देवउठनी, 4 दिसंबर को उत्पन्ना और 20 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी।

2026 में बची हैं सिर्फ 3 एकादशी, जानें तारीखें

साल 2026 में अब सिर्फ 3 एकादशी बची हैं। ये हैं देवउठनी एकादशी, उत्पन्ना एकादशी और मोक्षदा एकादशी। हिंदू धर्म में एकादशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित है और हर महीने में दो एकादशी आती हैं – एक कृष्ण पक्ष में और दूसरी शुक्ल पक्ष में। भक्त इस दिन व्रत रखते हैं और विष्णु जी की पूजा करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एकादशी व्रत से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और भगवान विष्णु की कृपा मिलती है।

2026 की बची तीन एकादशी की तारीखें

साल 2026 में अब कुल 3 एकादशी बची हैं:

  • 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार) – देवउठनी (देवोत्थान) एकादशी, शुक्ल पक्ष, कार्तिक माह
  • 4 दिसंबर 2026 (शुक्रवार) – उत्पन्ना एकादशी, कृष्ण पक्ष, मार्गशीर्ष माह
  • 20 दिसंबर 2026 (रविवार) – मोक्षदा एकादशी, शुक्ल पक्ष, मार्गशीर्ष माह

खास बात यह है कि मोक्षदा एकादशी के दिन ही गीता जयंती भी मनाई जाएगी।

देवउठनी एकादशी 2026: तिथि और पारण

देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी या उत्थान एकादशी भी कहा जाता है। साल 2026 में स्मार्त यानी गृहस्थ परंपरा के अनुसार यह व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। वहीं, वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर, शनिवार को व्रत रखेंगे।

  • एकादशी तिथि प्रारंभ: 20 नवंबर 2026, सुबह 07:15 बजे
  • एकादशी तिथि समाप्त: 21 नवंबर 2026, सुबह 06:31 बजे
  • व्रत पारण: 21 नवंबर को दोपहर 01:11 बजे से 03:18 बजे के बीच

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है। इसी दिन से विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। कई स्थानों पर तुलसी विवाह भी किया जाता है।

उत्पन्ना एकादशी 2026: तिथि और पारण

उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली इस एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन देवी एकादशी का प्राकट्य हुआ था।

  • एकादशी तिथि प्रारंभ: 3 दिसंबर 2026 को रात 11:03 बजे
  • एकादशी तिथि समाप्त: 4 दिसंबर 2026 को रात 11:44 बजे
  • व्रत पारण: 5 दिसंबर 2026, शनिवार को सुबह 06:59 बजे से 09:04 बजे तक
  • द्वादशी तिथि समाप्त: 6 दिसंबर 2026 को रात 12:51 बजे

धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने मूर नाम के राक्षस का वध किया था। माना जाता है कि उत्पन्ना एकादशी का व्रत करने से पूर्वजन्म और वर्तमान जन्म के पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसे सभी एकादशियों में आदि एकादशी भी कहा जाता है।

मोक्षदा एकादशी 2026: तिथि और पारण

साल 2026 की आखिरी एकादशी मोक्षदा एकादशी होगी, जो 20 दिसंबर, रविवार को पड़ेगी। इसी दिन गीता जयंती भी मनाई जाएगी, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है।

  • एकादशी तिथि प्रारंभ: 19 दिसंबर 2026 को रात 10:09 बजे
  • एकादशी तिथि समाप्त: 20 दिसंबर 2026 को रात 08:15 बजे
  • व्रत पारण: सोमवार, 21 दिसंबर 2026 को

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था। मोक्षदा एकादशी को मुक्तिदाता एकादशी भी कहते हैं। माना जाता है कि इस दिन व्रत और पूजा से मोक्ष की प्राप्ति होती है, पितरों के पापों का नाश होता है और उन्हें सद्गति मिलती है। इस दिन विष्णु और श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा की जाती है।

इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है। टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है।

स्रोत: tv9hindi.com

यह खबर शेयर करें

यह खबर हमारी संपादकीय नीति के अनुसार प्रकाशित है। गलती दिखे तो सुधार सुझाएँ · स्वामित्व और वित्तपोषण

संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · संपादकीय डेस्क

राजदार टाइम्स की संपादकीय डेस्क। यह डेस्क देश, राजनीति, राज्यों, खेल, मनोरंजन, बिज़नेस, शिक्षा और अन्य विषयों की खबरें तैयार और संपादित करती है। प्रकाशन से पहले हर खबर तथ्य, स्रोत और भाषा के…

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।