किताब की तारीफ करते हुए बोले पूर्व मुख्यमंत्री- बेहद शानदार और अच्छी तरह लिखी गई है पुस्तक; कांग्रेस में वापसी के सवाल पर दिया स्पष्ट जवाब, कहा- वापस नहीं लौटूंगा
नई दिल्ली,(राजदार टाइम्स): कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। नई दिल्ली के होटल आईटीसी मौर्या में आयोजित इस कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। उनके कार्यक्रम में पहुंचने को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा रही।कार्यक्रम के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी की पुस्तक की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक बेहतरीन किताब है। उन्होंने बताया कि वह इस पुस्तक को पढ़ चुके हैं और इसे बहुत अच्छे ढंग से लिखा गया है। कैप्टन के अनुसार पुस्तक में प्रस्तुत विचार और लेखन शैली सराहनीय है।
2021 में छोड़ी थी कांग्रेस…
गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी। पंजाब में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने अपनी अलग पार्टी बनाई और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी वाले इस समारोह में उनका पहली पंक्ति में बैठना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।

कांग्रेस में वापसी के सवाल पर क्या बोले कैप्टन?…
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह दोबारा कांग्रेस में शामिल होंगे, तो कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ शब्दों में 'नहीं' कहा। उन्होंने अपनी मौजूदगी को राजनीतिक गतिविधि के बजाय व्यक्तिगत और सामाजिक संबंधों से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी भी उनकी पुस्तकों के विमोचन समारोह में शामिल हुई थीं। इसलिए उनके पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में पहुंचकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह गांधी परिवार को कई वर्षों से जानते हैं और उनके साथ पुराने व्यक्तिगत संबंध हैं।
पुस्तक का नाम और विषय भी चर्चा में…
सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक का नाम 'Belonging: A Journey of Love' है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने शुरुआती जीवन, राजीव गांधी से विवाह, भारत में अपने अनुभवों और सार्वजनिक जीवन की लंबी यात्रा का उल्लेख किया है। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण: कैप्टन अमरिंदर सिंह की इस कार्यक्रम में मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में चर्चा जरूर पैदा की है, लेकिन उन्होंने स्वयं कांग्रेस में वापसी की संभावना से इनकार किया है। उनकी ओर से इसे पुराने व्यक्तिगत रिश्तों के सम्मान में की गई शिरकत बताया गया है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।