ओएसडी ओएशी मंडल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत जिले में चिन्हित छह हॉटस्पॉट क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओएसडी टू अर्बन अफेयर्स ओएशी मंडल और सहायक कमिश्नर अंडर (ट्रेनिंग) गुरकंवल सिंह ने की। बैठक में अभियान से जुड़े सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक दौरान हरदोखानपुर, बजवाड़ा, बलवीर कॉलोनी, सुंदर नगर, बहादुरपुर और रविदास नगर में नशे की रोकथाम, जागरूकता गतिविधियों, नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों की पहचान, उपचार एवं पुनर्वास सहित अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों द्वारा इन क्षेत्रों में अब तक की गई गतिविधियों और प्रगति की जानकारी साझा की। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें। साथ ही नशे से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को जनभागीदारी और विभागीय समन्वय के माध्यम से जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने की दिशा में ठोस परिणाम प्राप्त किए जा सकें।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।