4 नमूने भरे गए, 20 किलो नष्ट करवाई मिठाई मौके पर
दसूहा/टांडा,(राजदार टाइम्स): त्योहारों के मौसम के दौरान लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा दसूहा और टांडा क्षेत्र में विशेष जांच की गई। पंजाब खाद्य एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़ तथा होशियारपुर की उपायुक्त श्रीमती आशिका जैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ.मनदीप कमल के निर्देशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष सोढ़ी और उनकी टीम द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुल 4 नमूने एकत्रित किए गए। इनमें मिठाइयों के 3 नमूने शामिल थे, जिनकी चांदी के वर्क की जांच की जानी है, जबकि एक नमूना बिस्कुट का लिया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे तथा प्राप्त होने वाली रिपोर्टों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुसार अगली आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त खराब 20 किलो मिठाई मौके पर ही नष्ट करवाई गई। जांच के दौरान टीम द्वारा खाद्य पदार्थों की तैयारी, भंडारण, रख-रखाव और बिक्री के संबंध में साफ-सफाई के मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया।

सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सुनिश्चित करें, खाद्य पदार्थों को धूल-मिट्टी तथा अन्य बाहरी गंदगी से बचाने के लिए ढककर रखें और खाद्य पदार्थों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुसार करें। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की तैयारी एवं बिक्री के दौरान इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और इसके तहत बनाए गए नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों के कारोबारियों से अपील की गई कि वे अधिक मुनाफा कमाने के लालच में किसी भी प्रकार की मिलावट या घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री न करें तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से भी अपील की कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकिंग और समाप्ति तिथि का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ के संबंध में विभाग को सूचित करें। लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले भर में इस प्रकार के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।