18 से 22 नवंबर तक लाजवंती स्टेडियम में होगा पांच दिवसीय नेचर फेस्ट का आयोजन
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): जिला प्रशासन की ओर से 18 से 22 नवंबर तक लाजवंती स्टेडियम होशियारपुर में आयोजित किए जा रहे ‘नेचर फेस्ट-2026’ सखी शक्ति मेला को सफल, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में ओएसडी (शहरी मामले) ओएशी मंडल ने वीरवार ज़िला प्रबंधकीय काम्प्लेक्स में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता और आपसी तालमेल के साथ निभाने के निर्देश दिए। ओएशी मंडल ने कहा कि नेचर फेस्ट केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय कला-संस्कृति और पर्यटन को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

इसमें बड़ी संख्या में लोगों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और विभिन्न संस्थाओं के शामिल होने की संभावना है। इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनके हिस्से में आने वाले कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे हों और आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी, अस्थायी शौचालय और मेडिकल सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। इसके अलावा फायर सेफ्टी, एंबुलेंस, कचरा प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्टॉलों की व्यवस्था, स्थानीय सेल्फ हेल्प ग्रुपों की भागीदारी, हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी, फूड स्टॉल, मंच निर्माण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों में भी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। ओएशी मंडल ने कहा कि सभी विभागों का साझा प्रयास होना चाहिए कि नेचर फेस्ट-2026 में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और यह आयोजन होशियारपुर की कला, संस्कृति एवं पर्यटन को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। बैठक में एसडीएम होशियारपुर परमप्रीत सिंह, सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) गुरकंवल सिंह, आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।