गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (IPU) ने अधूरी डिग्री पूरी करने के लिए पूर्व छात्रों को 6 नवंबर तक आवेदन का मौका दिया है।
IPU का मर्सी चांस योजना
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (IPU) उन छात्रों को राहत दे रहा है जिन्होंने ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में प्रवेश लिया था, लेकिन किसी कारण से अपनी डिग्री पूरी नहीं कर पाए। IPU ने ऐसे छात्रों को अपनी डिग्री पूरी करने का विशेष अवसर दिया है, जिसे मर्सी चांस कहा गया है। इस योजना के तहत ये छात्र परीक्षा देकर अपनी डिग्री हासिल कर सकेंगे। IPU ने ऑर्डिनेंस 10, 11 और 25 के अंतर्गत विभिन्न कोर्सों के पूर्व छात्रों को यह अंतिम मौका दिया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
IPU की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह मौका उन छात्रों को मिलेगा जो कोर्स की निर्धारित अवधि पूरी नहीं कर पाए हैं और जिनके अधिकतम परीक्षा अवसर समाप्त हो चुके हैं। IPU ने बताया है कि जून 2026 तक जिन छात्रों के सभी निर्धारित परीक्षा अवसर खत्म हो चुके हैं, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसमें विषम और सम दोनों सेमेस्टर की परीक्षाएं शामिल हैं।
हालांकि, जिन छात्रों के पास डिग्री पूरी करने के लिए अभी नियमित परीक्षा अवसर उपलब्ध हैं, वे इस मर्सी चांस का लाभ नहीं ले सकते। मर्सी चांस का लाभ लेने के लिए छात्रों को आवेदन करना अनिवार्य होगा।
आवेदन प्रक्रिया और फीस
IPU ने अधूरी डिग्री पूरी करने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तारीख 6 नवंबर 2026 है। इच्छुक छात्र IPU की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। IPU ने स्पष्ट किया है कि मर्सी चांस के तहत आयोजित परीक्षाएं केवल ऑफलाइन मोड में होंगी।
आवेदन के साथ छात्रों को उन विषयों की सूची भी जमा करनी होगी जिनमें वे परीक्षा देना चाहते हैं। साथ ही आवेदन पर संबंधित डीन, डायरेक्टर या प्रिंसिपल के हस्ताक्षर जरूरी हैं।
फीस की बात करें तो, मर्सी चांस के तहत परीक्षा देने वाले छात्रों को 25,000 रुपये की पढ़ाई जारी रखने की फीस जमा करनी होगी। इसके अलावा, प्रत्येक विषय के लिए 1,200 रुपये अतिरिक्त परीक्षा शुल्क देना होगा। विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच आयोजित होंगी, जबकि सम सेमेस्टर की परीक्षाएं मई-जून 2027 में होंगी।
स्रोत: tv9hindi.com



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।