व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन समारोह में हुईं शामिल
विशेष समारोह में आमंत्रित होने वाली एकमात्र महिला बनीं ढल्ला
फगवाड़ा/कनाडा,(शिव कौड़ा/राघव कौड़ा): एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली अवसर पर पुरस्कार विजेता होटल व्यवसायी, दूरदर्शी उद्यमी तथा कनाडा की तीन बार की पूर्व सांसद रह चुकीं डॉ.रूबी ढल्ला को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे.ट्रंप द्वारा व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित विशेष दिवाली समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। डॉ.ढल्ला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे.ट्रंप के साथ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन समारोह में शामिल हुईं। हमारे पत्रकार राघव कौड़ा ने कनाडा से जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष समारोह में आमंत्रित की जाने वाली डॉ.रूबी ढल्ला एकमात्र महिला थीं। यह उपलब्धि उनके राजनीतिक, सामाजिक और उद्यमशीलता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान को दर्शाती है।
कनाडा की संसद से व्हाइट हाउस तक का ऐतिहासिक सफर...
कनाडा की संसद से लेकर अमेरिका के व्हाइट हाउस तक डॉ.रूबी ढल्ला की यह असाधारण यात्रा संघर्ष, उपलब्धियों और बाधाओं को पार कर नई पीढिय़ों के लिए प्रेरणा बनने की कहानी है। पश्चिमी देशों में राजनीतिक पद पर निर्वाचित होने वाली भारतीय मूल की पहली महिलाओं में शामिल डॉ.ढल्ला ने वर्ष 2025 में कनाडा के प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई थी।

वैश्विक भारतीय समुदाय की आवाज बनना गर्व की बात : डॉ.रूबी ढल्ला
इस ऐतिहासिक अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए डॉ.रूबी ढल्ला ने कहा कि एक गर्वित कनाडाई और भारतीय मूल की महिला के रूप में वैश्विक भारतीय समुदाय की आवाज, विरासत और आकांक्षाओं को विश्व मंच पर प्रस्तुत करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि दिवाली हमें यह संदेश देती है कि साहस भय पर विजय प्राप्त करता है, आशा कठिनाइयों को मात देती है और एकता विभाजन से ऊपर उठती है।
प्रकाश और आशा का संदेश पूरी दुनियां के लिए : डॉ.ढल्ला
डॉ.ढल्ला ने कहा कि प्रकाश की कोई राष्ट्रीयता नहीं होती और आशा की कोई सीमा नहीं होती। भविष्य उन्हीं लोगों का है जो राष्ट्रों के बीच पुल बनाते हैं, लोगों के बीच दीवारें नहीं खड़ी करते।
नेतृत्व और भारतीय संस्कृति के वैश्विक सम्मान का प्रतीक बना समारोह...
ओवल ऑफिस में आयोजित यह दिवाली समारोह केवल एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने वैश्विक भारतीय समुदाय की पहचान, सांस्कृतिक विरासत, नेतृत्व, प्रतिनिधित्व और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के महत्व को भी रेखांकित किया। डॉ.रूबी ढल्ला की इस समारोह में उपस्थिति भारतीय मूल के लोगों के लिए गर्व का विषय है। यह अवसर दिवाली के सार्वभौमिक संदेश—अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और विभाजन पर एकता की विजय—को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने वाला एक यादगार क्षण बन गया।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।