जन समस्याओं का त्वरित समाधान, समयबद्ध नागरिक सेवाएं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार रहेगा मुख्य लक्ष्य
जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने तथा सेवा केंद्रों में प्रशासनिक सुधारों को मजबूत करने पर रहेगा विशेष जोर
होशियारपुर,(राकेश राणा): पंजाब सिविल सेवा (पीसीएस) के 2016 बैच के अधिकारी मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने बुधवार को जिला प्रशासनिक परिसर, होशियारपुर में अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे प्रशासनिक कार्यों और नागरिक सेवाओं की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। बैठक दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में नागरिक सेवाओं से संबंधित लंबित आवेदनों की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को सरकारी कार्यालयों में अपने काम करवाने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
जन समस्याओं का समाधान और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देना प्राथमिकता...
कार्यभार संभालने के बाद मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने कहा कि जन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना, नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाना और जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावशाली बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को पारदर्शी, सुविधाजनक और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना होना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा, ताकि लोगों की शिकायतों और समस्याओं का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि नागरिकों की ओर से प्राप्त होने वाले आवेदनों और शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने दी जाए।
विकास परियोजनाओं को गति देने पर रहेगा विशेष ध्यान...
अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) ने कहा कि होशियारपुर जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति को आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करवाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय, जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

सेवा केंद्रों में प्रशासनिक सुधारों को और मजबूत करने के निर्देश...
मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने कहा कि जिले के सभी सेवा केंद्रों में प्रशासनिक सुधारों को निर्धारित समय के भीतर और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जाएंगे। नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए संबंधित अधिकारियों को चाहिए कि वे लंबित मामलों का नियमित निरीक्षण करें और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील...
बैठक दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और व्यावसायिकता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था तभी प्रभावी बन सकती है, जब प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी सहयोग और बेहतर तालमेल के साथ काम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि जिला प्रशासन की ओर से आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके हैं सेवाएं...
उल्लेखनीय है कि मेजर (डॉ.) सुमित मुध प्रशासनिक क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पहले वह कपूरथला, फगवाड़ा, बाबा बकाला और पठानकोट में उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने लुधियाना में संयुक्त आयुक्त तथा होशियारपुर में सहायक आयुक्त (जनरल) के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।भिन्न जिलों में प्रशासनिक अनुभव रखने वाले मेजर (डॉ.) सुमित मुध के अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) का कार्यभार संभालने के बाद जिले में जन समस्याओं के समाधान, नागरिक सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता और विकास कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।