फगवाड़ा में चुनाव प्रभारी राजीव भारद्वाज ने की बैठक
संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और लोगों से संपर्क बढ़ाने पर हुई चर्चा
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा के हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से सांसद डा. राजीव भारद्वाज, जिन्हें जिला कपूरथला का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, ने फगवाड़ा में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला के निवास पर आयोजित की गई, जिसमें जिला भाजपा अध्यक्ष चेतन सूरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक दौरान आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने तथा अधिक से अधिक लोगों के साथ संपर्क स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि चुनावी तैयारियां अंतिम समय पर शुरू करने के बजाय अभी से प्रत्येक बूथ और वार्ड में संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय किया जाए, ताकि पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाया जा सके। बैठक को संबोधित करते हुए जिला चुनाव प्रभारी डा.राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के प्रत्येक राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य होने के साथ-साथ देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और विकास के लिहाज से भी विशेष महत्व रखता है। इसलिए पंजाब का मजबूत, सुरक्षित और विकसित होना देश की समग्र तरक्की के लिए आवश्यक है। डा.भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में पंजाब और पंजाबियों के प्रति विशेष सम्मान एवं स्नेह है। पंजाब के लोगों ने देश की आजादी, सुरक्षा और विकास में हमेशा अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पंजाब की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसके लिए पंजाब के लोगों को भाजपा की नीतियों और विचारधारा के साथ जुडक़र राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला ने पंजाब की राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पंजाब एक समय देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था, लेकिन पिछली सरकारों के कार्यकाल में विभिन्न कारणों से राज्य के विकास को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को दोबारा विकास की राह पर लाने के लिए केंद्र और राज्य में समान विचारधारा वाली सरकार होना जरूरी है। उनके अनुसार केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए पंजाब में भाजपा की डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है। विजय सांपला ने राज्य में कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के काले दौर के बाद नशे की समस्या राज्य के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। नशे के कारण युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है, वहीं रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध न होने के कारण बड़ी संख्या में युवा विदेशों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का लगातार विदेशों की ओर पलायन और राज्य में रोजगार के अवसरों की कमी पंजाब के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। इन समस्याओं का समाधान करने, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने, नशे के खिलाफ प्रभावी प्रयास करने तथा पंजाब को दोबारा विकास की राह पर लाने के लिए भाजपा अपनी भूमिका निभाना चाहती है। सांपला ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाएं और घर-घर जाकर लोगों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह बूथ स्तर पर मतदाताओं तक पहुंचे तथा उन्हें भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और पंजाब के विकास को लेकर पार्टी की सोच से अवगत करवाए।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मेहनत पर निर्भर करती है। इसलिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल एवं एकजुटता के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ जोडऩे के प्रयास करने चाहिए। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष चेतन सूरी और फगवाड़ा के भाजपा विस्तारक रिपन जैन ने भी संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने की तैयारियां केवल चुनावों के नजदीक आने पर नहीं की जा सकतीं, बल्कि इसके लिए अभी से प्रत्येक बूथ, वार्ड और क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने, संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की। बैठक के माध्यम से भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कपूरथला जिले में संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।