विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता : ब्रमशंकर जिम्पा
विशेष बच्चों के उत्साहवर्धन में सामाजिक संस्थाएं भी आएं आगे: विधायक डॉ. ईशांक
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): विधायक ब्रमशंकर जिम्पा ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने के लिए उचित मंच प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। इन बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना बेहद महत्वपूर्ण है। वे वीरवार लाजवंती स्टेडियम, होशियारपुर में पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय दो दिवसीय विशेष खेल मुकाबलों के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाने की है। खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में भाग लेना और अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।विधायक चब्बेवाल डॉ.इशांक कुमार ने भी विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज और विभिन्न संस्थाओं को भी इन बच्चों का उत्साह बढ़ाने तथा उन्हें हर क्षेत्र में आगे लाने के लिए सहयोग करना चाहिए। दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल मुकाबलों में पंजाब के 23 जिलों से 604 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने भाग लिया।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के मार्च पास्ट से हुई। अलग-अलग जिलों की टीमों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च पास्ट में हिस्सा लेकर खेल भावना का परिचय दिया। इसके बाद विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस राज्य स्तरीय आयोजन को सफल बनाने में सरबत दा भला, गुरु रामदास लंगर सेवा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर मेयर प्रवीण सैनी, आईएएस अधिकारी गुरकंवल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी हरजिंदर कौर, उप जिला शिक्षा अधिकारी अमनदीप शर्मा, प्रिंसिपल त्रिलोचन सिंह, शैलेंद्र ठाकुर, बीपीईओ चरणजीत सिंह, जिला स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर जगतजीत सिंह, वरिंदर वैद, स्टेट आईईडी कोऑर्डिनेटर मनप्रीत सिंह, पुनीत पसरीचा, धर्मेंद्र, ज़िला कोऑर्डिनेटर मंजू सैनी, डॉ.धीरज, रेनू कंवर, चंद्र प्रकाश सैनी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।