65 लाख रुपये की लागत से बन रही चार किलोमीटर लंबी सड़क का किया निरीक्षण
स्टेडियम, महिलाओं के जिम और सीवरेज व्यवस्था पर भी खर्च होंगे 70 लाख रुपये
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का सर्वपक्षीय विकास करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात आम आदमी पार्टी के फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार एवं हलका इंचार्ज सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने गांव लखपुर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान कही। उन्होंने गांव में 65 लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही करीब चार किलोमीटर लंबी प्रीमिक्स कारपेट (पीसी) सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। डॉ.चब्बेवाल ने बताया कि गांव लखपुर के सर्वपक्षीय विकास के लिए 70 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध करवाई गई है। इस राशि से गांव में स्टेडियम का निर्माण करवाने के साथ-साथ महिलाओं के लिए जिम की सुविधा, सीवरेज व्यवस्था में सुधार तथा अन्य जरूरी विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से गांव के युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास का अर्थ केवल सड़कों का निर्माण करवाना नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है। गांववासियों की जरूरतों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सांसद डॉ.चब्बेवाल ने कहा कि फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर के हर वार्ड में विकास कार्यों को गति देना उनका लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि सरकारी धन का उचित उपयोग हो और लोगों को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।