फरी सोटी की टीम स्पर्धामें स्वर्णिम सफलता, मनप्रीत कौर ने व्यक्तिगत मुकाबले में भी हासिल किया स्वर्ण पदक
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): दशमेश गर्ल्स कॉलेज चक्क अल्ला बख़्श की छात्राओं ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में 16 नवंबर 2026 को आयोजित अंतर-महाविद्यालय गतका प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीत कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कॉलेज की फरी सोटी टीम, जिसमें मनप्रीत कौर, सिमरन, अपारजीत एवं राखी शामिल थीं, ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम की होनहार खिलाड़ी मनप्रीत कौर ने व्यक्तिगत फरी सोटी स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। इस शानदार सफलता पर श्री गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरपर्सन श्रीमती सुखविंदर कौर ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ.मीतू महाजन ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष लेफ्टिनेंट डॉ.राजविंदर कौर ने भी विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, श्री गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन स.रविंदर सिंह चक्क एवं समस्त समिति सदस्यों ने छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएं भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत केबल पर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाती रहेंगी। महाविद्यालय की इस उपलब्धि से पूरे संस्थान में उत्साह और गर्व का माहौल है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।