मुख्य अभियंताराकेश गुप्ता ने किया उद्घाटन, विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
तलवाड़ा,(एस.पी शर्मा): भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी), तलवाड़ा के बीबीएमबी स्टाफ क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले के दौरान विद्यार्थियों के लिए सुलेख, चित्रकला, मेहंदी, गिद्धा, भांगड़ा, एकल नृत्य और फैंसी ड्रेस जैसी विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल के मुकाबले भी करवाए जा रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें सांस्कृतिक एवं रचनात्मक रुचियों को बढ़ावा देने का बेहतरीन माध्यम हैं। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने बीबीएमबी स्टाफ क्लब द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की। अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इससे उनमें आत्म विश्वास बढ़ता है और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। बीबीएमबी के खेल प्रबंधक केवल सिंह ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि वॉलीबॉल मुकाबले में बीबीएमबी स्टाफ क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दातारपुर क्लब की टीम को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता के लड़कों के वर् गमें ऊना अकादमी के खिलाड़ियों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लड़कियों के वर्ग में सरकारी मॉडल स्कूल, तलवाड़ा की छात्रा तन्वी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दसूहा की जसनीत कौर द्वितीय स्थान पर रहीं।इस वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक मेले को सफल बनाने में एसडीओ धर्मेंद्र सिंह, गोपाल सिंह और रविंदर रवि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने मेले को आकर्षण का केंद्र बना दिया।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।