भाजयुमो ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका, एसडीएम कार्यालय तक निकाला रोष मार्च
राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा मांगपत्र
फगवाड़ा (शिव कौड़ा): पंजाब पी.सी.एस मुख्य परीक्षा-2025/26 के परिणामों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भाजपा युवा मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो के जिला प्रधान नितिन चड्ढा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय जी.टी रोड पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई) से करवाने की मांग की। पुतला फूंकने के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एस.डी.एम कार्यालय तक रोष मार्च निकाला। एस.डी.एम डॉ.नवजोत शर्मा की गैर-मौजूदगी में तहसीलदार जगतार सिंह को राज्यपाल पंजाब के नाम मांगपत्र सौंपा गया। नितिन चड्ढा ने कहा कि पी.सी.एस जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा के परिणाम और चयन प्रक्रिया को लेकर उम्मीदवारों की ओर से कई गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। इससे हजारों मेहनती युवाओं में चिंता और अविश्वास का माहौल पैदा हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और योग्य उम्मीदवारों के साथ न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से पूरे पंजाब में जिला मुख्यालयों और तहसील स्तर पर प्रदर्शन कर एस.डी.एम के माध्यम से राज्यपाल को मांगपत्र भेजे गए हैं। इन मांगपत्रों के जरिए पी.सी.एस मुख्य परीक्षा-2025/26 के परिणामों और संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया की सी.बी.आई. से निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की गई है। नितिन चड्ढा ने कहा कि उम्मीदवारों की ओर से रोल नंबरों के समूहों और परीक्षा केंद्रों को लेकर उठाए गए सवालों की भी गहनता से जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और अंक देने की प्रक्रिया की निष्पक्ष पड़ताल करवाई जाए। उन्होंने मांग की कि परीक्षा से संबंधित निगरानी कैमरों की फुटेज, हाजिरी रिकॉर्ड, बायोमेट्रिक आंकड़ों और अन्य सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार के सबूत के नष्ट होने की आशंका न रहे। भाजपा युवा मोर्चा ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक भर्ती की अगली चयन प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और पंजाब सरकार इस पूरे मामले में अपना पक्ष जनता के सामने स्पष्ट करे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।