हत्या, लूटपाट और नशे के बढ़ते कारोबार ने आम जनता की बढ़ाई चिंता; आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में लाने का लोगों ने बनाया मन
जिला कार्यकारिणी जल्द होगी घोषित, हाईकमान से बातचीत के बाद लिया जाएगा फैसला : जसवंत पप्पू
दसूहा, (राजदार टाइम्स): पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। राज्य में आए दिन हत्याओं और लूटपाट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि नशे का कारोबार भी खुलेआम फल-फूल रहा है। इन हालातों ने आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। यह बात भाजपा ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष जसवंत सिंह पप्पू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार से जल्द छुटकारा पाना चाहते हैं। जनता अब आगामी विधानसभा चुनावों का इंतजार कर रही है, ताकि प्रदेश में बदलाव लाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने इस बार भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है, ताकि पंजाब में कानून व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके। जसवंत सिंह पप्पू ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने, अपराध पर अंकुश लगाने और प्रदेश के सर्वपक्षीय विकास के लिए मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व में पंजाब विकास और खुशहाली की नई राह पर आगे बढ़ सकता है।
जिला कार्यकारिणी जल्द होगी घोषित…
एक सवाल के जवाब में जसवंत सिंह पप्पू ने बताया कि जल्द ही पार्टी हाईकमान के साथ विचार-विमर्श करके जिले की कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया जाएगा।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।