मुख्य समाचार
Miss Universe 2026 Final Question: मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब जेनिफर बैरेटो ने जीत लिया है। जानिए फाइनल में पूछा गया वो आखिरी सवाल कौन सा था और जेनिफर बैरेटो ने क्या जवाब दिया, जिसने उन्हें दुनिया की नई मिस यूनिवर्स बना दिया।
मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने अपने नाम कर लिया है। प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लेकिन फाइनल में पहुंचने के बाद सिर्फ खूबसूरत और आत्मविश्वास ही नहीं, बल्कि एक अहम सवाल का जवाब भी जीत का आधार बना। जेनिफर ने अपने जवाब में नेतृत्व के साथ संवेदनशीलता और दूसरों के प्रति सहानुभूति को जरूरी बताया।
फाइनल के टॉप-5 राउंड में सभी प्रतियोगियों से एक ही सवाल पूछा गया था, “What does the world need most from its leaders right now?” यानी दुनिया को इस समय अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है?
जेनिफर का जवाब और संदेश
इस सवाल के जवाब में जेनिफर बैरेटो ने कहा कि दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो दूसरों के प्रति सहानुभूति रखने वाले हों। उन्होंने अपने जवाब में कहा कि आज लोग अक्सर दूसरों को जज करते हैं और उन पर सवाल उठाते हैं। ऐसे में एक अच्छे नेता को अपने मूल्यों पर मजबूती से खड़ा रहना चाहिए, दूसरों के सामने मिसाल पेश करनी चाहिए और बेहतर मानक स्थापित करने की कोशिश करनी चाहिए।
उनके जवाब का सबसे अहम संदेश था कि नेतृत्व का मतलब सिर्फ अधिकार या पद हासिल करना नहीं, बल्कि लोगों की जरूरतों को समझना और उनके लिए सही कदम उठाना भी है।
जेनिफर बैरेटो का परिचय और पृष्ठभूमि
27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो प्यूर्टो रिको की रहने वाली हैं। उनका पूरा नाम जेनिफर अब्रेउ मोरा बैरेटो बताया गया है। उनकी पहचान सिर्फ एक मॉडल और ब्यूटी क्वीन के तौर पर नहीं है। उन्होंने साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन के साथ साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में मास्टर डिग्री भी हासिल की है। जेनिफर का काम घरेलू हिंसा की रोकथाम, बच्चों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और संकट से गुजर रहे परिवारों की मदद से जुड़ा रहा है। वह अमेरिकी रक्षा विभाग के Family Advocacy Program से भी जुड़ी रही हैं, जहां उन्होंने एजुकेटर और क्राइसिस रिस्पॉन्डर के रूप में काम किया।
जेनिफर की जीत को उनके जवाब और सामाजिक काम के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। उन्होंने मंच पर जिस सहानुभूतिपूर्ण नेतृत्व की बात की, वह उनके मनोविज्ञान और सामाजिक कार्य के अनुभव से भी जुड़ती है। यही वजह है कि उनका जवाब महज प्रतियोगिता का औपचारिक उत्तर नहीं लगा, बल्कि उनके काम और सोच को भी सामने लाया। 24 नवंबर को सैन जुआन में हुए फाइनल में मैक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को मिस यूनिवर्स 2026 का ताज पहनाया। इसके साथ ही प्यूर्टो रिको को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छठी बार जीत मिली।
स्रोत: hindi.asianetnews.com



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।