आईआईएम बैंगलोर ने 2026-28 बैच के सभी 608 छात्रों को समर प्लेसमेंट में इंटर्नशिप के ऑफर दिए हैं। यह प्लेसमेंट प्रक्रिया 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक चली, जिसमें 128 कंपनियों ने हिस्सा लिया। संस्थान के अनुसार, शुरुआती दो दिनों में ही 600 से ज्यादा छात्रों को ऑफर मिल गए थे।
कंसल्टिंग क्षेत्र में सबसे ज्यादा इंटर्नशिप ऑफर
कंसल्टिंग सेक्टर ने कुल 308 ऑफर दिए, जो कुल ऑफर का लगभग 50.7 प्रतिशत है। एक्सेंचर स्ट्रेटेजी ने सबसे ज्यादा 123 छात्रों को चुना। इसके अलावा बेन एंड कंपनी और बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप ने 23-23 ऑफर दिए। ईवाई ग्लोबल डिलीवरी सर्विसेज और ईवाई-पार्थेनॉन ने भी 23-23 छात्रों को इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया। कियर्नी ने 19 छात्रों को चुना।
टेक्नोलॉजी सेक्टर में हायरिंग दोगुनी हुई
टेक्नोलॉजी सेक्टर में इस बार पिछले साल की तुलना में हायरिंग दोगुनी हुई। कुल 21 कंपनियों ने 51 ऑफर दिए। माइक्रोसॉफ्ट और अल्बर्टसन्स कंपनीज ने छह-छह छात्रों को चुना, जबकि गूगल ने चार छात्रों को अवसर दिया। एप्पल, अमेजन, एडोब, सेल्सफोर्स और सैमसंग जैसी बड़ी कंपनियां भी इस प्रक्रिया में शामिल रहीं।
बैंकिंग, फाइनेंस और भारतीय कंपनियों की भागीदारी
बैंकिंग और फाइनेंस क्षेत्र की 33 कंपनियों ने कुल 74 ऑफर दिए। गोल्डमैन सैक्स ने आठ, सिटीबैंक और ड्यूश बैंक ने पांच-पांच छात्रों को चुना। इसके अलावा बैंक ऑफ अमेरिका, बार्कलेज और जेपी मॉर्गन चेस जैसी कंपनियां भी शामिल थीं। भारतीय कॉरपोरेट समूहों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। 12 बड़े समूहों ने 40 छात्रों को इंटर्नशिप ऑफर दिए, जिनमें टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज, रिलायंस, महिंद्रा, गोदरेज और अदाणी ग्रुप शामिल हैं। इन कंपनियों के ऑफर में पिछले साल की तुलना में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
मीडियन स्टाइपेंड 2 लाख रुपये पहुंचा
प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान छात्रों को मिलने वाला मीडियन मासिक स्टाइपेंड 2 लाख रुपये रहा, जबकि औसत मासिक स्टाइपेंड 1.95 लाख रुपये दर्ज किया गया। ई-कॉमर्स और फिनटेक कंपनियों ने 46, जबकि एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियों ने 43 ऑफर दिए। करीब 40 प्रतिशत कंपनियां पहली बार आईआईएम बैंगलोर के कैंपस में शामिल हुईं।
"IIM बैंगलोर के 2026-28 बैच के सभी 608 छात्रों को इंटर्नशिप के ऑफर मिले हैं।"
स्रोत: tv9hindi.com



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।