समाचार लिखें जाने तक 8 यात्रियों की मौत होने की हु पुष्टि
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया बड़े स्तर पर बचाव अभियान
ऋषिकेश,(राजदार टाइम्स): उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में समाचार लिखें जाने तक 8 यात्रियों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई।
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही थी बस...
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग की ओर रवाना हुई थी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। सुबह करीब 5:30 बजे जब बस मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर बाजार के पास पहुंची तो अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। करीब 100 मीटर गहराई में गिरने के कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा...
हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला स्थित एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकला...
स्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश सहित नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे...
हादसे की गंभीरता को देखते हुए टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी बचाव अभियान में लगाई गईं।
हादसे के कारणों की जांच जारी...
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा और सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।