50 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर लंबी सडक़ का चौड़ीकरण
सांसद ने किया विकास कार्य का उद्घाटन, एक करोड़ रुपये की लागत से हेरिटेज स्ट्रीट प्रोजेक्ट भी जल्द होगा पूरा
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल गुरुद्वारा श्री सुखचैनआना साहिब में माथा टेकने आने वाली संगत और क्षेत्र निवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सांसद व आप के विधानसभा प्रत्याशी डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने फगवाड़ा-नवांशहर रोड से गुरुद्वारा श्री सुखचैनआना साहिब के मुख्य प्रवेश द्वार तक जाने वाली सडक़ को चौड़ा करने के कार्य का उद्घाटन किया। लगभग 500 मीटर लंबी इस सडक़ को 50 लाख रुपये की लागत से 18 फीट से बढ़ाकर 22 फीट चौड़ा किया गया है। सडक़ के चौड़ीकरण से गुरुद्वारा साहिब में आने-जाने वाली संगत को यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों और गांवों के निवासियों को भी इस विकास कार्य का लाभ पहुंचेगा।
संगत को मिलेगी बेहतर यातायात सुविधा, हेरिटेज स्ट्रीट प्रोजेक्ट भी जल्द होगा पूरा...
डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि सडक़ के चौड़ीकरण से गुरुद्वारा श्री सुखचैनआना साहिब में माथा टेकने के लिए आने वाली संगत का सफर अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही एक करोड़ रुपये की लागत से हेरिटेज स्ट्रीट प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर आने वाली संगत को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सडक़ बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ स्ट्रीट लाइटिंग और सफाई व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

20 वर्षों से उठ रही थी सडक़ चौड़ीकरण की मांग...
डॉ.चब्बेवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों और संगत की ओर से पिछले लगभग 20 वर्षों से इस सडक़ को चौड़ा करने की मांग की जा रही थी, लेकिन पहले इस ओर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके ध्यान में आया तो उन्होंने इसे नगर निगम फगवाड़ा के समक्ष उठाया और प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करना क्षेत्रवासियों और गुरुद्वारा साहिब में आने वाली संगत के लिए बड़ी राहत है। अब चौड़ी की गई यह सडक़ आसपास के कई क्षेत्रों और गांवों के लिए वैकल्पिक मार्ग तथा बाईपास के रूप में भी काम करेगी। इससे यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
गांवों एवं धार्मिक स्थलों को जोडऩे वाले रास्तों का हो रहा विकास...
सांसद चब्बेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत गांवों, धार्मिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों को जोडऩे वाली सडक़ों के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। सडक़ों के निर्माण और चौड़ीकरण से रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों पर आने वाली संगत को भी बड़ी सुविधा मिलती है।
फगवाड़ा को मॉडल शहर बनाने के लिए जारी रहेंगे विकास कार्य...
चब्बेवाल ने फगवाड़ा के संपूर्ण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और फगवाड़ा को पंजाब का मॉडल शहर बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सडक़ें, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इस अवसर पर जतिंदर सिंह कुकी चंदन फैशन कनाडा ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए सडक़ चौड़ीकरण के कार्य को क्षेत्रवासियों तथा गुरुद्वारा साहिब में आने वाली संगत के लिए लाभदायक कदम बताया।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।