सांसद चब्बेवाल द्वारा की गई फगवाड़ा में छठ पूजा तैयारियों की जांच
फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने आगामी पर्व की तैयारियों का जायजा लेने और श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र के अर्बन एस्टेट और ओंकार नगर मे स्थित छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। उनके साथ मेयर रामपाल उप्पल, डिप्टी मेयर विक्की सूद, एडीसी फगवाड़ा रणदीप सिंह हीर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा स्थानीय निवासी व आयोजक समितियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। डॉ.चब्बेवाल ने धार्मिक आयोजनों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आयोजकों और स्थानीय निवासियों से बातचीत की। उन्होंने दोनों स्थानों पर आवश्यकताओं की समीक्षा की और विभिन्न उपायों पर चर्चा की ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।त्योहार से पहले पर्याप्त इंतजाम करने के महत्व पर बल देते हुए डॉ.चब्बेवाल ने संबंधित अधिकारियों को छठ पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, उचित प्रकाश व्यवस्था, जल सप्लाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी तैयारियां समय पहले ही पूरी कर ली जानी चाहिए ताकि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ जल की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित करने, पूजा स्थलों की उचित रखरखाव व सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय करने का भी आह्वान किया। अधिकारियों से कहा गया कि वे आयोजक समितियों और स्थानीय निवासियों के साथ तालमेल बनाकर किसी भी कमी को तुरंत दूर करें और यह सुनिश्चित करें कि स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों डॉ.चब्बेवाल ने कहा कि छठ पूजा अपार श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे विशेष रूप से वे श्रद्धालु मनाते हैं जो भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हैं तथा अपने परिवारों की खुशहाली, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लोग अपने धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मना सकें। एमपी ने अधिकारियों और आयोजक समितियों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करें कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो जाएं।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।