Rajdaar Times
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

कांग्रेसी नेता सोनिया गांधी की पुस्तक में ऐतिहासिक घटनाओं का एकतरफा चित्रण दुर्भाग्यपूर्ण : अविनाश राय खन्ना

कहा, देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं होगाहोशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक…

कांग्रेसी नेता सोनिया गांधी की पुस्तक में ऐतिहासिक घटनाओं का एकतरफा चित्रण दुर्भाग्यपूर्ण : अविनाश राय खन्ना
कांग्रेसी नेता सोनिया गांधी की पुस्तक में ऐतिहासिक घटनाओं का एकतरफा चित्रण दुर्भाग्यपूर्ण : अविनाश राय खन्ना

कहा, देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं होगा
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ़ लव में प्रकाशित कुछ विवादित अंशों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि देश के इतिहास से जुड़ी संवेदनशील घटनाओं को राजनीतिक चश्मे से देखना और उनका एकतरफा चित्रण करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। खन्ना ने कहा कि विशेष रूप से 1984 के सिख विरोधी दंगों, ऑपरेशन ब्लू स्टार तथा अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय घटनाओं से जुड़े प्रसंगों को जिस प्रकार पुस्तक में प्रस्तुत किया गया है, उससे अनेक गंभीर सवाल खड़े होते हैं। इतिहास किसी व्यक्ति या परिवार की राजनीतिक छवि को चमकाने का माध्यम नहीं होना चाहिए। इतिहास के साथ न्याय करने के लिए तथ्यों, दस्तावेजों और पीडि़तों के दर्द को सर्वोपरि रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों में हजारों निर्दोष लोगों ने अपनी जान गंवाई, परिवार उजड़ गए और अनगिनत लोगों को वर्षों तक न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ा। ऐसे दर्दनाक अध्यायों का उल्लेख करते समय किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी से बचने अथवा किसी को क्लीन चिट देने का प्रयास पीडि़त परिवारों के जख्मों पर नमक छिडक़ने जैसा है। खन्ना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास अनेक ऐसे सवालों से जुड़ा रहा है, जिनका जवाब देश आज भी मांग रहा है। कांग्रेस नेतृत्व को आत्ममंथन करने के बजाय इतिहास की घटनाओं का सुविधानुसार वर्णन करने से बचना चाहिए। लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को है, लेकिन इस स्वतंत्रता के साथ ऐतिहासिक तथ्यों और देश की भावनाओं के प्रति जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास किसी राजनीतिक परिवार की निजी संपत्ति नहीं है, जिसको कोई भी अपने हिसाब से बदल ले। सोनिया गांधी को भी चाहिए कि वे अपनी पुस्तक में उठाए गए विवादित प्रसंगों पर तथ्यों के आधार पर देश के नागरिकों को स्पष्टीकरण दें। खन्ना ने कहा कि भाजपा का मानना है कि राष्ट्रहित, ऐतिहासिक सत्य और पीडि़तों को न्याय मिलना किसी भी राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर होना चाहिए। देश की जनता इतिहास को तोड़-मरोडक़र प्रस्तुत करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगी।

यह खबर शेयर करें
संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · Admin

राजदार टाइम्स की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।