
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध ’ अभियान के तहत ओ.एस.डी टू अर्बन अफेयर्स ओएशी मंडल के नेतृत्व में आज गांव भूंगरनी और हारटा में रोजगार जागरूकता सेमिनार तथा प्लेसमेंट कैंप लगाए गए। कैंपों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था। कैंपों के दौरान प्लेसमेंट अधिकारी राकेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्यूरो द्वारा नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों का पंजीकरण, करियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट संबंधी सहायता प्रदान की जाती है। इन सुविधाओं के माध्यम से युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल, रुचि और अनुभव के अनुसार रोजगार के उपयुक्त अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर डी.बी.ई.ई वरिंदर कुमार ने उम्मीदवारों को सरकारी और निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा स्व-रोजगार योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल में वृद्धि करने के साथ-साथ रोजगार प्राप्त करने के लिए उपलब्ध साधनों का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रोजगार संबंधी सही मार्गदर्शन और उपयुक्त अवसरों की जानकारी युवाओं को अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद करती है। वर्धमान और जी.एन.ए एक्सल कंपनियों द्वारा प्लेसमेंट कैंप लगाए गए, जिनमें हेल्पर, ऑपरेटर और मटेरियल हैंडलर आदि पदों के लिए उम्मीदवारों का मौके पर साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद गांव भूंगरनी और गांव हार्टा के सरपंचों तथा पंचायत सदस्यों ने जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो द्वारा गांव स्तर पर ऐसे कैंप लगाने के प्रयास की सराहना की और रोजगार विभाग का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंप ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं तक रोजगार संबंधी जानकारी और अवसर पहुंचाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे रोजगार जागरूकता सेमिनार और प्लेसमेंट कैंप लगाने की अपील की।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।