दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। नोएडा के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित रजनीगंधा अंडरपास से सेक्टर-60 तक प्रस्तावित छह लेन की एलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो गई है। करीब 5.49 किलोमीटर लंबी इस सड़क की डीपीआर नोएडा प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की से बनवाई है, जिसे शुक्रवार तक प्राधिकरण को सौंप दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस एलिवेटेड रोड पर करीब 800 से 850 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह परियोजना लंबे समय से अटकी पड़ी थी, क्योंकि इसका अलाइनमेंट तय नहीं हो पा रहा था। हाल ही में नोएडा प्राधिकरण ने संशोधित अलाइनमेंट को मंजूरी दी, जिसके बाद काम आगे बढ़ा।
सबसे मुश्किल हिस्सा सेक्टर-12 और 22 का टी-प्वाइंट
परियोजना का सबसे जटिल भाग सेक्टर-12 और सेक्टर-22 का टी-प्वाइंट माना जा रहा है। यहां एलिवेटेड रोड को मोड़ने के लिए खास कर्व डिजाइन तैयार किया गया है और आईआईटी रुड़की ने इस हिस्से पर विशेष ध्यान दिया है।
प्रस्तावित मार्ग सेक्टर-3 के सामने से शुरू होकर सेक्टर-10, सेक्टर-12, सेक्टर-22 टी-प्वाइंट और सेक्टर 12, 22 व 56 के तिराहे से होते हुए मास्टर प्लान रोड-1 के बीच से गुजरेगा। इसके बाद यह सेक्टर-57 चौराहे को पार करता हुआ सेक्टर-60 के सामने उतरेगा। इसके बनने से डीएनडी से सेक्टर-62 तक का सफर काफी आसान हो जाएगा।
इस समय सेक्टर-21ए के नोएडा स्टेडियम चौराहे, सेक्टर-12/22 चौराहे, सेक्टर 12, 22 और 56 के तिराहे तथा सेक्टर-57 चौराहे पर रोजाना भारी जाम लगता है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहन इन चौराहों को बाईपास कर सकेंगे, जिससे यात्रा का समय घटेगा और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
सेक्टर-60 के सामने सड़क उतरने से सेक्टर-73, 121, 59, 62 और 63 के साथ गाजियाबाद की ओर जाना भी आसान हो जाएगा। अब डीपीआर मिलने के बाद प्राधिकरण आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिस पर रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों की नजर टिकी है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।