पवित्र गंगा तट पर होगा धार्मिक आयोजन, 3 दिसंबर को हवन, पूर्णाहुति एवं भंडारा
फगवाड़ा/हरिद्वार,(राजदार टाइम्स टीम, शिव कौड़ा): परम पूज्य स्वामी श्री रामपुरी जी महाराज के 50वें निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य में पावन देवभूमि हरिद्वार में पवित्र गंगा तट पर 26 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक भव्य श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन का निमंत्रण देने के लिए स्वामी श्री रामपुरी जी महाराज के परम भक्त पवन कुमार एवं ईश्वर कुमार अपने साथियों सहित फगवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार शिव कौड़ा के निवास स्थान पर पहुंचे और उन्हें कथा का निमंत्रण पत्र भेंट किया। इस अवसर पर अचला कौड़ा, धर्मपत्नी शिव कौड़ा एवं स्वर्गीय डॉक्टर कुलदीप राय चड्ढा की पुत्री भी उपस्थित थीं। पवन कुमार ने बताया कि वर्ष 1976 में स्वामी श्री रामपुरी जी महाराज ने अपने जीवन के अंतिम कुछ समय गांव बस्सी कलां में अपने परम सेवक डॉक्टर कुलदीप राय चड्ढा के अस्पताल में व्यतीत किए थे। उन्होंने अंतिम सांस भी वहीं ली थी। महाराज के साथ जुड़ी इस पावन स्मृति को समर्पित करते हुए उनके 50वें निर्वाण महोत्सव पर यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री श्री 1008 स्वामी प्रभुदेव पुरी महाराज, श्री श्री 1008 स्वामी रामपुरी महाराज, श्री श्री 1008 स्वामी लीलापुरी महाराज एवं श्री श्री 1008 कुंता देवी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस श्री शिव महापुराण कथा का वाचन परम पूज्य आचार्य डॉ.मृदुलकांत शास्त्री महाराज करेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

कथा का दिनवार कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा...
26 नवंबर 2026, गुरुवार: श्री शिव महात्म्य कथा एवं शिवलिंग प्राकट्य।
27 नवंबर 2026, शुक्रवार: नारद मोह, कुबेर चरित्र एवं सती जन्म कथा।
28 नवंबर 2026, शनिवार: सती चरित्र एवं श्री पार्वती जन्म।
29 नवंबर 2026, रविवार: श्री शिव-पार्वती विवाह महोत्सव।
30 नवंबर 2026, सोमवार: श्री कार्तिकेय जन्म एवं श्री गणेश जन्मोत्सव।
1 दिसंबर 2026, मंगलवार: नंदीश्वर चरित्र एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग कथा।
2 दिसंबर 2026, बुधवार: श्री देवी चरित्र एवं श्री हनुमान चरित्र।
आयोजन के समापन पर 3 दिसंबर 2026, गुरुवार को हवन, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस पावन धार्मिक आयोजन में शामिल होकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने तथा संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।