टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की मैदान पर वापसी में अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे 33 वर्षीय हार्दिक की पिंडली के अंदरूनी हिस्से में स्ट्रेस इंजरी है। वह इससे पहले पीठ की सर्जरी भी करवा चुके हैं। एक रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि हार्दिक की वापसी आईपीएल 2027 से पहले होना मुश्किल है।
रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक अभी ठीक से जॉगिंग भी नहीं कर पा रहे हैं। उम्मीद है कि करीब तीन सप्ताह बाद वह जॉगिंग शुरू करेंगे, जिसके बाद अगले आठ हफ्तों तक धीरे-धीरे उनका रनिंग लोड बढ़ाया जाएगा। फिलहाल उनके पूरी तरह मैच फिट होने की कोई तय समयसीमा नहीं बताई गई है।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से बाहर
हार्दिक ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेला था। अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ उस मैच में उन्होंने 13 गेंदों पर 18 रन बनाए थे और चार ओवर में एक विकेट लिया था। इसके बाद से वह लगातार फिटनेस की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
टीम इंडिया के पास फिलहाल हार्दिक जैसे संतुलन देने वाला दूसरा ऑलराउंडर नहीं है। यही वजह है कि उनकी गैरमौजूदगी में नीतीश कुमार रेड्डी और सूर्यांश शेडगे जैसे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों को लगातार मौके दिए जा रहे हैं। अक्टूबर 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में अब एक साल से कम समय बचा है, ऐसे में हार्दिक की वापसी की तारीख चयनकर्ताओं के लिए और अहम हो गई है।
हार्दिक के लिए मुश्किल यह भी है कि फिटनेस हासिल करने तक घरेलू क्रिकेट के प्रमुख टूर्नामेंट खत्म हो सकते हैं। मौजूदा रिकवरी टाइमलाइन को देखते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में उनका खेलना भी मुश्किल लग रहा है। भारतीय टीम 21 जनवरी से 3 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेलेगी, जिसमें हार्दिक वैसे भी हिस्सा नहीं लेते।
इसके बाद आईपीएल का सीजन शुरू होगा। ऐसे में अगर रिकवरी योजना के मुताबिक सब कुछ ठीक रहा, तो प्रशंसकों को हार्दिक सीधे आईपीएल 2027 में ही खेलते हुए दिख सकते हैं।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।