भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दिखाएंगे हरी झंडी, श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित होगी यात्रा
जालंधर,(राजदार टाइम्स): भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकाली जा रही है। इस यात्रा का शुभारंभ 18 नवंबर को जालंधर से होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जालंधर-पठानकोट हाईवे पर स्थित गांव रायपुर (डेरा सचखंड बल्लां के निकट) से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा समानता, भक्ति, सामाजिक एकता और मानवता के संदेश को देशभर में पहुंचाना है। पार्टी के अनुसार इस अभियान के माध्यम से दो करोड़ से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि यात्रा जालंधर से शुरू होकर होशियारपुर, मुकेरियां, पठानकोट, बटाला, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रोपड़ और मोहाली सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी।
पंजाब में पांच दिनों के दौरान यह यात्रा लगभग 700 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 17 जिलों को कवर करेगी।
सात राज्यों और 46 शहरों तक पहुंचेगा अभियान…
जानकारी के अनुसार यह यात्रा कुल 2,558 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पंजाब के अलावा चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 29 बड़ी जनसभाएं और 27 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
3 दिसंबर को वाराणसी में होगा समापन…
यह यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी महाराज के जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। भाजपा नेताओं के अनुसार इस आयोजन के माध्यम से संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकता का संदेश मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।