काली स्कॉर्पियो में आए हमलावरों ने दुकान के बाहर बैठे युवकों पर की फायरिंग…
पुलिस ने पांच संदिग्धों को लिया हिरासत में…
मोगा,(राजदार टाइम्स): पंजाब के मोगा में रविवार देर शाम गोलीबारी की एक गंभीर घटना सामने आई। अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काली स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस वारदात में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान गगन जिंदल और साहिल जिंदल के रूप में हुई है। दोनों रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। गोलीबारी के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुरानी रंजिश के चलते हमले की आशंका...
प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
डीजीपी ने किया घटनास्थल का दौरा...
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। पुलिस के अनुसार, मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
मोगा की इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस हमलावरों की भूमिका और वारदात के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।