
वीडियोग्राफी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से निकाला गया ड्रॉ
जिले से प्राप्त हुए थे 1,128 आवेदन
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर उनके विशेष कार्य अधिकारी (शहरी मामले) ओइशी मंडल ने इस वर्ष दिवाली के त्योहार के दौरान परचून में पटाखे बेचने के लिए ड्रॉ के माध्यम से जिले में 57 अस्थायी लाइसेंस जारी किए हैं। जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में आज वीडियोग्राफी के माध्यम से पूरी ड्रॉ प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई गई। इस दौरान सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) गुरप्रीत कौर भी मौजूद थीं। उल्लेखनीय है कि पूरे जिले से सेवा केंद्रों के माध्यम से 1,128 आवेदन प्राप्त हुए थे और आज ड्रॉ के माध्यम से 57 अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। ओइशी मंडल ने बताया कि जिन आवेदकों के नाम ड्रॉ में निकले हैं, उनके लिए जीएसटी से संबंधित सामान्य रजिस्ट्रेशन टैक्स विभाग में करवाना आवश्यक है। ये अस्थायी लाइसेंस प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखे बेचने के लिए जारी किए गए हैं। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा 22 सितंबर 2023 को जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करने, पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थानों पर स्टॉलों की बनावट तथा सुरक्षा नियमों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अस्थायी लाइसेंस के बिना या निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं और पटाखे बेचता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम और डीएसपी को निर्देश देते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके उपमंडल में पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थानों पर ही हो। उन्होंने कहा कि एसडीएम नियमित जांच करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्धारित स्थानों पर केवल वही व्यक्ति पटाखे बेचें, जिनके पास अस्थायी लाइसेंस है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित एसडीएम तथा डीएसपी इसके लिए जिम्मेदार होंगे। आज निकाले गए ड्रॉ के तहत उपमंडल होशियारपुर में दशहरा ग्राउंड (नई आबादी) के लिए 18, जिला परिषद मार्केट (अड्डा माहिलपुर) के लिए 5, रोशन ग्राउंड होशियारपुर के लिए 5, रामलीला ग्राउंड हरियाणा के लिए 5, बुल्लोवाल की खुली जगह के लिए 1 तथा चब्बेवाल की खुली जगह के लिए 1 लाइसेंस का ड्रॉ निकाला गया। उपमंडल गढ़शंकर में मिलिट्री ग्राउंड के लिए 5, शहीदां रोड (अनाज मंडी), माहिलपुर के लिए 3 तथा कोट फतूही से बिंजो रोड पर खाली जगह के लिए 1 लाइसेंस का ड्रॉ निकाला गया। उपमंडल दसूहा में महर्षि वाल्मीकि पार्क के लिए 2, ब्लॉक समिति स्टेडियम दसूहा के लिए 1 तथा दशहरा ग्राउंड गढ़दीवाला के लिए 2 लाइसेंस जारी किए गए। उपमंडल टांडा में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लडक़े), टांडा के मैदान के लिए 2 तथा शिमला पहाड़ी पार्क, टांडा के लिए 2 लाइसेंस का ड्रॉ निकाला गया। उपमंडल मुकेरियां में दशहरा ग्राउंड मुकेरियां के लिए 3 तथा दशहरा ग्राउंड दातारपुर के लिए 1 लाइसेंस जारी किया गया। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, दिवाली के दिन 8 नवंबर 2026 को रात 8 बजे से रात 10 बजे तक मंजूरशदा पटाखे चलाए जा सकेंगे। इसी प्रकार, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन 24 नवंबर को सुबह 4 बजे से सुबह 5 बजे तक तथा रात 9 बजे से रात 10 बजे तक पटाखे चलाने का समय निर्धारित किया गया है। जारी आदेशों के अनुसार, क्रिसमस के अवसर पर 25 और 26 दिसंबर को रात 11:55 बजे से रात 12:30 बजे तक पटाखे चलाए जा सकेंगे। नए साल की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर को भी रात 11:55 बजे से रात 12:30 बजे तक ही पटाखे चलाने का समय निर्धारित किया गया है।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।